Prashant Kishor : पटना में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मंच पर कन्हैया कुमार को चढ़ने से रोके जाने पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है। पीके ने कहा है कि कन्हैया कुमार और उनके जैसे अन्य युवा नेताओं से राजद नेतृत्व इतना डरा हुआ है कि वह उन्हें आगे नहीं आने देना चाहता। उन्हें लगता है कि कन्हैया कुमार जैसा नेता यदि सामने आएगा तो उनके नेतृत्व को चुनौती देगा। राजद यह कभी नहीं चाहेगा कि कन्हैया कुमार जैसा प्रभावशाली नेता कांग्रेस में सक्रिय रहे। बिहार में कांग्रेस का कोई आधार नहीं है। कांग्रेस वही करती है जो राजद नेतृत्व उससे करने के लिए कहता है।
बिहार कांग्रेस में कन्हैया सबसे ज्यादा प्रतिभावान-PK
पीके ने कहा कि ट्रक पर पप्पू यादव और कन्हैया कुमार को चढ़े जाने से रोकना उनका आंतरिक मामला है लेकिन जहां तक कन्हैया की बात है तो उन्हें लगता है कि बिहार में वह कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में हैं। भले ही वह कांग्रेस में हों, लेकिन बिहार कांग्रेस के नेताओं में वह सबसे अधिक प्रतिभावान हैं। कांग्रेस यदि इन नेताओं का इस्तेमाल नहीं करती है तो यह दिखाता है कि वह बिहार में राजद की पिछलग्गू पार्टी है। राजद का नेतृत्व कन्हैया कुमार जैसे लोगों से बहुत घबराता है। उन्हें लगता है कि कोई नया व्यक्ति आ जाएगा तो उसके नेतृत्व को चुनौती मिलनी शुरू हो जाएगी।
पप्प यादव, कन्हैया को ट्रक पर चढ़ने से रोका
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ राहुल गांधी ने बुधवार को पटना में निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक महागठबंधन के विरोध मार्च का नेतृत्व किया। इस दौरान ट्रक पर कन्हैया कुमार और पप्पू यादव ने चढ़ने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें ट्रक पर चढ़ने से रोक दिया। ‘इंडिया’गठबंधन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाजपा और राजग को लाभ पहुंचाने के लिए धांधली की गई थी।'

बिहार में कन्हैया कुमार कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा हैं। तस्वीर-पीटीआई
वे बिहार में भी इसे दोहराना चाहते हैं जो हम होने नहीं देंगे।’ उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची में हेराफेरी करने के ‘महाराष्ट्र मॉडल’ का विस्तार है और इससे ‘न केवल लोगों के वोट देने के अधिकार को बल्कि उनके पूरे भविष्य को हथिया लिया जाएगा।’

पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते राहुल गांधी। तस्वीर-@INCBihar
मतदान का अधिकार छीनने नहीं देंगे-राहुल
राहुल ने कहा, ‘निर्वाचन आयोग को संविधान की रक्षा करनी चाहिए... वह भाजपा के निर्देशों पर काम कर रहा है। इन निर्वाचन आयुक्तों को भाजपा ने ही नामित किया है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण चुनावी चोरी का एक प्रयास है। हम निर्वाचन आयोग को मतदाताओं, खासकर युवाओं के (मतदान के) अधिकार छीनने नहीं देंगे।’ अपनी शैली में संविधान की लाल प्रति लिए राहुल गांधी ने कहा, ‘निर्वाचन आयोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भाषा बोल रहा है। पहले निर्वाचन आयोग के सदस्यों के चयन में भारत के प्रधान न्यायाधीश और विपक्ष के नेता शामिल होते थे लेकिन अब हमें इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है और भाजपा द्वारा नामित निर्वाचन आयुक्तों के नामों वाला एक कागज थमा दिया गया।’
