देश

PM मोदी का तीन दिवसीय जयपुर दौरा, DGP-IGP सम्मेलन में लेंगे भाग; जानें पूरा प्लान

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 5, 2024, 08:08 AM IST

PM Narendra Modi in Jaipur: 58वें डीजीपी-आईजीपी राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जयपुर दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी कार्यालय को सजाया गया। आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं कि इस सम्मेलन में किन-किन मुद्दों पर चर्चा होगी।

Image

डीजीपी-आईजीपी राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी।

Photo : PTI

Jaipur News Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (5 जनवरी, 2024) यानी शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर जयपुर आ रहे हैं। वे यहां पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन में भाग लेंगे। मोदी का शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय जाने का भी कार्यक्रम है। पीएम मोदी और अमित शाह के दौरे से पहले जयपुर में भाजपा कार्यालय को सजाया गया।

जयपुर में पीएम मोदी पुलिस महानिदेशक सम्मेलन में लेंगे भाग

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी छह से सात जनवरी को जयपुर के राजस्थान अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित पुलिस महानिदेशकों/महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेंगे। मोदी शुक्रवार को यहां पहुंचेंगे और शाम को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय जांएगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया था कि 'प्रधानमंत्री मोदी कल शाम भाजपा कार्यालय आएंगे। वह कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। मोदी के कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी की भाजपा के प्रदेश कार्यालय की यह पहली यात्रा होगी।'

पीएम मोदी के दौरे से पहले भाजपा कार्यालय को सजाया गया

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष जोशी और अन्य नेताओं ने पीएम मोदी के दौरे से पहले पार्टी कार्यालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मोदी के कार्यक्रम के लिए पार्टी कार्यालय को सजाया गया है। पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन को लेकर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। इसके लिए जयपुर के मुख्य मार्गों के साथ साथ प्रमुख इमारतों को भी सजाया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।

इस सम्मेलन में किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

आधिकारिक बयान के अनुसार पांच से सात जनवरी, 2024 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सम्मेलन में साइबर अपराध, पुलिस व्यवस्था में प्रौद्योगिकी, आतंकवाद विरोधी चुनौतियों, वामपंथी उग्रवाद, जेल सुधार और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्‍तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन का एक अन्य प्रमुख एजेंडा नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन के लिए रोड मैप पर विचार-विमर्श करना है। इसके अतिरिक्‍त, पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा में भविष्य के विषयों जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डीपफेक जैसी नयी प्रौद्योगिकियों द्वारा उत्पन्न चुनौतियों और उनसे निपटने के तरीकों पर भी चर्चा होगी।

आंतरिक सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर पीएम से होगी चर्चा

यह सम्मेलन पहचान किए गए विषयों पर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पुलिस और खुफिया अधिकारियों के व्यापक विचार-विमर्श का निष्‍कर्ष है। प्रत्येक विषय के अंतर्गत राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की सर्वोत्तम प्रथाओं को सम्मेलन में प्रस्तुत किया जाएगा ताकि राज्य एक-दूसरे से सीख सकें। बयान के अनुसार, मोदी सम्मेलन के सभी प्रमुख सत्रों में उपस्थित रहते हैं। इस वर्ष के सम्मेलन में नाश्ते, दोपहर और रात के भोजन पर अनौपचारिक विषयगत चर्चा की भी योजना बनाई गई है। इससे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को देश को प्रभावित करने वाले पुलिस व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर अपने विचार और सिफारिशें प्रधानमंत्री के साथ साझा करने का अवसर मिलेगा।

जानें इस सम्मेलन में कौन-कौन ले रहा है हिस्सा

पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन 2014 में गुवाहाटी, 2015 में कच्छ के रण-धोरडो, 2016 हैदराबाद में राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, 2017 में टेकनपुर बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) अकादमी, 2018 में केवड़िया, 2019 में भारतीय विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान संस्थान पुणे, 2021 में लखनऊ पुलिस मुख्यालय और 2023 में राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा में आयोजित किया गया था। इस परंपरा को जारी रखते हुए सम्मेलन इस वर्ष जयपुर में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, गृह राज्य मंत्री, कैबिनेट सचिव, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख भी भाग लेंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article