बिजनेस

दहाड़ा रुपया! डॉलर के मुकाबले 91 पैसे चढ़ा, जानें क्यों आई रिकवरी और ताजा एक्सचेंज रेट?

Dollar Vs Rupee: रुपये में गिरावट थमी है। रिवर्ज बैंक के हस्तक्षेप के बाद यह रिकवरी आई है।

Image

रुपये में मजबूती

Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज जबरदस्त रिकवारी है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 91 पैसे मजबूत होकर 95.80 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मुद्रा विनिमय बाजार में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाने के बाद घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला है।

केंद्रीय बैंक ने शनिवार को कई उपायों की घोषणा की थी। इनमें नामित बैंकों के जरिये तेल विपणन कंपनियों के लिए डॉलर की अलग व्यवस्था और विदेशी मुद्रा जोखिम से बचाव वाले कुछ सौदों की लागत बढ़ाना शामिल है। इन कदमों का उद्देश्य हाजिर बाजार में डॉलर की मांग घटाना और सट्टेबाजी वाली कारोबारी स्थितियों पर अंकुश लगाना है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि इन उपायों से कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मजबूत डॉलर के दबाव के बावजूद भारतीय मुद्रा को संभलने में मदद मिलने की उम्मीद है।

शुक्रवार को भी रुपये में तेजी थी

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मजबूत होकर 95.61 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में इसकी बढ़त कुछ कम हुई और यह 95.80 प्रति डॉलर पर कारोबार करने लगा जो पिछले बंद भाव के मुकाबले इसमें 91 पैसे की तेजी है। रुपया शुक्रवार को 17 पैसे की बढ़त के साथ 96.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले यह 13 पैसे गिरकर डॉलर के मुकाबले 96.88 के रिकॉर्ड निचले बंद स्तर पर पहुंच गया था।

डॉलर इंडेक्स में गिरावट

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.94 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.54 प्रतिशत घटकर 103.11 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, हालांकि यह अब भी ऊंचे स्तर पर बना हुआ था। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 20 अंक यानी 0.03 प्रतिशत टूटकर 72,452.33 अंक पर जबकि निफ्टी 7.95 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 22,529.85 पर कारोबार कर रहा है।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,568.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article