Bihar Assembly Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के मतदाताओं से विधानसभा चुनाव के पहले चरण में पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें।'
'पहले मतदान, फिर जलपान'
पीएम मोदी ने आगे लिखा, 'इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!'
बिहार चुनाव
बिहार में गुरुवार को पहले चरण के लिए 121 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, जहां 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। आज बड़े चेहरों में INDIA ब्लॉक के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव और भाजपा के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जैसे शीर्ष नेता शामिल हैं। वहीं, शेष 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
