देश

अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न, गर्भ गृह में विराजे रामलला, दिखा अद्भुत रूप

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jan 22, 2024, 01:59 PM IST

राम मंदिर मूर्ति के अनावरण के साथ ही राम लला की मूर्ति सबके सामने आ गई। इससे पहले पीएम मोदी राम मंदिर परिसर पहुंचे और पूजा-अर्चना के लिए गर्भ गृह में गए

Image

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

Ram mandir Pran Pratishtha: आखिर 500 साल लंबा इंतजार आज खत्म हुआ और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हो गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने गर्भगृह में विशेष पूजा अर्चना करते हुए राम लला की मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान उनके साथ संघ प्रमुख मोहन भागवत और यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद थीं। तीनों के मंदिर में पूजा करने के बाद प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इसके बाद परिसर में हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।

मोहक रूप में रामलला आए सामने

राम मंदिर मूर्ति के अनावरण के साथ ही राम लला की मूर्ति सबके सामने आ गई। इससे पहले पीएम मोदी राम मंदिर परिसर पहुंचे और पूजा-अर्चना के लिए गर्भ गृह में गए। उनके साथ मोहन भागवत और आनंदी बेन पटेल भी थीं। मुख्य पुजारी ने पूजा-अर्चना कराई और कुछ मिनटों के बाद ये खास पूजा कार्यक्रम पूरा हुआ। इसके साथ ही प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हो गया।

पीएम ने आरती उतारी

प्राण प्रतिष्ठा के बाद पीएम मोदी ने आरती भी उतारी। उन्होंने और मोहन भागवत ने रामलला के आगे साक्षात दंडवत प्रणाम भी किया। पीएम मोदी ने रामलला के चरणों में पुष्प चढ़ाए, पुजारियों से आशीर्वाद ग्रहण किया। इसके बाद पीएम मोदी बाहर आए और उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में साधु-संत, आम जन और देशभर की बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। इसके बाद यहां पर मंत्रोच्चारण भी हुआ जिसका गवाह हर कोई रहा।

देशभर से हस्तियां पहुंचीं

इस खास और ऐतिहासिक पलों का गवाह बनने के लिए देशभर से कई हस्तियां अयोध्या पहुंचीं। इनमें क्रिकेटर से लेकर फिल्म सितारे तक शामिल रहे। अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, रणवीर कपूर, आलिया भट्ट, मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, विवेक ओबरॉय, सोनू निगम, अनिल कुंबले, रवींद्र जडेजा सहित कई हस्तियां अयोध्या पहुंचीं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article