देश

PM Narendra Modi Resigns: तीसरे कार्यकाल के लिए Modi ने बढ़ाया कदम, राष्ट्रपति से मिलकर इस्तीफा सौंपा

PM Narendra Modi Resigns: पीएम मोदी ने आज राष्ट्रपति से मिलकर उनको अपना इस्तीफा सौंप दिया है। सूत्रों के मुताबिक, 8 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरे कार्यकाल के लिए पीएम पद की शपथ लेंगे, इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Image

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को सौंपा इस्तीप

Photo : Twitter

PM Narendra Modi Resigns: लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने और एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल की तरफ पहला कदम बढ़ा दिया है। पीएम मोदी ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उनको अपना इस्तीफा सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और पीएम मोदी और उनके मंत्रिमंडल को नई सरकार के गठन तक कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के लिए तैयारिंया तेज कर दी गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 8 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरे कार्यकाल के लिए पीएम पद की शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में होगा। बता दें, पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक भी आज हुई थी, जिसमें केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 17वीं लोकसभा को भंग करने की सिफारिश कर दी।

7 जून को एनडीए संसदीय दल की बैठक

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 7 जून को एनडीए संसदीय दल की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक संसद भवन के सेंट्रल हॉल में होगी। इसमें एनडीए के सभी घटक दलों के साथ भाजपा शाासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में सभी घटक दल एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुन सकते हैं, जिसके बाद पीएम मोदी तीसरी बार सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नीतीश की ओर सबकी नजर

एक दिन पहले आए लोकसभा चुनाव के नतीजों ने सभी दलों को चौंका कर रख दिया है। विपक्ष में इंडिया गठबंधन के लिए चुनावी नतीजे अच्छे संकेत लेकर आए हैं तो वहीं जनता ने इस चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं दिया है। हालांकि, एनडीए गठबंधन बहुमत के आंकड़े तक पहुंचता दिख रहा है। ऐसे में भाजपा को सरकार बनाने के लिए एनडीए के घटक दलों पर निर्भर रहना होगा। एनडीए के सहयोगी दलों में नीतीश कुमार की जदयू को 12 और टीडीपी को 16 सीटें मिली हैं, ऐसे में सरकार गठन में इन दोनों दलों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी। हालांकि, नीतीश कुमार के इतिहास को देखते हुए सभी की नजर उनकी ओर टिकी हुई है, क्योंकि नीतीश कुमार को लेकर माना जा रहा है कि वह कभी भी पलटी मार सकते हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!