देश

गंगटोक में पीएम मोदी का भव्य रोड शो, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब; सिक्किम को देंगे 4,000 करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम की राजधानी गंगटोक में भव्य रोड शो कर स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया, जहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान राज्य के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

Image

प्रधानमंत्री मोदी ने किया गंगटोक में बड़ा रोड शो (फोटो: PTI)

Photo : PTI

PM Narendra Modi Gangtok Roadshow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम सिक्किम की राजधानी गंगटोक में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व किया। सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोदी गंगटोक पहुंचे। लेपचा कोट पहने प्रधानमंत्री का लिबिंग हेलीपैड पर राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्वागत किया। हेलीपैड से प्रधानमंत्री ने रोड शो शुरू किया, जो लोक भवन में समाप्त होगा, जहां वह रात्रि प्रवास करेंगे। खुली गाड़ी में पीएम मोदी के बाईं ओर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और दाईं ओर राज्य भाजपा अध्यक्ष डी.आर. थापा बैठे थे।

प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए

प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर घंटों तक भारी भीड़ उमड़ती रही और लोग राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी का काफिला पहुंचा, लोग जश्न मनाने लगे और उत्सव का माहौल बन गया। रोड शो के मार्ग को सजाया गया था, कई जगहों पर मेहराबदार द्वार बनाए गए थे और सड़कों के किनारे प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए थे।

PM Modi During Road Show

रोड शो के दौरान पीएम मोदी

4,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

मंगलवार को पीएम मोदी गंगटोक स्थित 'ऑर्किडेरियम’ का दौरा करेंगे। राज्य की पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर एक विश्व स्तरीय ’ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में 'स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क’ विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने से जुड़े समारोह के समापन कार्यक्रम में भाग लेने के साथ 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण भी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे सभा को संबोधित

जानकारी के मुताबिक, ये परियोजनाएं अवसंरचना, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित कई क्षेत्रों को कवर करती हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा को संबोधित भी करेंगे। पिछले साल राज्य के रूप में सिक्किम के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित वार्षिक समारोह के उद्घाटन समारोह में उन्हें उपस्थित होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके थे। हालांकि, उन्होंने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभा को संबोधित किया था।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article