PM Modi speech on Yoga Day : दुनिया भर में 11 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जोश एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। विशाखापत्तनम के समुद्र तट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में लाखों की संख्या में लोग योग कार्यक्रम में शामिल हुए और योगासन किए। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने योग के बढ़ते दायरे और इसके महत्व का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया का हर देश किसी न किसी तनाव से गुजर रहा है। कई क्षेत्रों में अशांति एवं अस्थिरता है, ऐसे में योग हमें शांति की ओर ले जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि साक्ष्यों ये यह भी साबित हुआ है कि कई बीमारियों के उपचार में योग बहुत ही कारगर है।
विशाखापत्तनम में योग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में योग दिवस की इस यात्रा को जब वह देखते हैं तो यह उन्हें कई चीजों की याद दिलाता है। संयुक्त राष्ट्र में भारत ने जब 21 जून को योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा तो इसका आयोजन करने लिए बहुत कम समय बचा था फिर भी दुनिया के 175 देश हमारे साथ खड़े हो गए। आज की दुनिया में इस तरह की एकता और समर्थन सामान्य बात नहीं है।

pm yoga
'पूरी दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही'
पीएम ने आगे कहा कि दुर्भाग्य से आज पूरी दुनिया में किसी न किसी तनाव से गुजर रही है। कितने ही क्षेत्रों में अशांति एवं अस्थिरता बढ़ रही है। ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है। योग एक ठहराव बिंदु है और मानवता को इसकी जरूरत है। योग श्वास लेने, संतुलित होने और संपूर्णता को प्राप्त करने के लिए जरूरी है।
योग सभी के लिए है और सबका है-पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे गर्व होता है कि जब मैं देखता हूं कि हमारे दिव्यांग साथी ब्रेल में योगशास्त्र पढ़ते हैं। वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग करते हैं, गांव-गांव में युवा साथी योग करते हैं। नौसेना के सभी जहाजों में योग का कार्यक्रम चल रहा है। चाहे सिडनी ओपेरा हाउस की सीढ़ियां हो या एवरेस्ट की चोटी। या फिर समंदर का विस्तार हो, हर जगह से एक ही संदेश आता है, योग सभी का है और सभी के लिए है।

pm yoga
पीएम बोले-बीमारियों के उपचार में मददगार है योग
विश्व में योग के प्रसार के लिए भारत योग के विज्ञान को आधुनिक शोध सशक्त कर रहा है। दुनिया के बड़े-बड़े मेडिकल संस्थान योग पर शोध में जुटे हैं। योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक शिक्षा पद्धति में स्थान मिले, यह हमारा प्रयास है। हम देश के मेडिकल एवं शोध संस्थाओं में साक्ष्य आधारित थेरेपो को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। दिल्ली के एम्स ने बहुत अच्छा काम करके दिखाया है। एम्स की रिसर्च में सामने आया है कि कॉर्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी के उपचार और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं मानसिक सुधार में योग की अहम भूमिका है। राष्ट्रीय आयुष मिशन के जरिए भी योग को आगे बढ़ाया जा रहा है। योगा पोर्टल के जरिए 10 हजार से अधिक योग इवेंट्स का पंजीयन हुआ है। योग का दायरा बहुत ज्यादा बढ़ रहा है।
