देश

Mann Ki Baat: पीएम मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम से अब तक 34.13 करोड़ रुपये की हुई आय'

'मन की बात' का पहली बार प्रसारण तीन अक्टूबर 2014 को हुआ था।मुरुगन ने बताया कि एक बड़ा वर्ग आकाशवाणी के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेटवर्क के माध्यम से इस कार्यक्रम को सुनता है तथा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाता है ताकि यह स्थानीय श्रोताओं तक पहुंच सके।

Image

पीएम मोदी 'मन की बात' (फाइल फोटो-टाइम्स नाउ नवभारट डिजिटल)

PM Modi’s Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' से, इसकी शुरुआत से अब तक कुल 34.13 करोड़ रुपये की आय हुई है। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में शुक्रवार को राज्यसभा को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम आकाशवाणी मौजूदा संसाधनों के माध्यम से बिना अतिरिक्त खर्च के तैयार करता है।उन्होंने बताया कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम पारंपरिक और डिजिटल दोनों माध्यमों से श्रोताओं तक पहुंचता है और इसके जरिए अब तक 34.13 करोड़ रुपये की आय हुई है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय चैनलों पर भी किया जाता है। इसके अलावा, डीडी फ्री डिश के माध्यम से 48 आकाशवाणी रेडियो चैनल और 92 निजी टीवी चैनलों पर भी इसे प्रसारित किया जाता है, जिससे यह देश के ग्रामीण और दूरदराज इलाकों तक भी सुना जा सकता है।

मंत्री ने बताया कि ‘मन की बात’ के दृश्य प्रारूप (विजुअल फॉर्मेट) ने दर्शकों को जोड़ने और सामूहिक रूप से विचार-विमर्श का अवसर देने में मदद की है।उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पीएमओ इंडिया, आकाशवाणी और प्रसार भारती के यूट्यूब चैनलों, प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेव्स’, और ‘न्यूजऑनएआईआर’ मोबाइल ऐप पर भी सीधे प्रसारित और संग्रहित किया जाता है। ‘न्यूजऑनएआईआर’ मोबाइल पर 260 से अधिक आकाशवाणी चैनल उपलब्ध हैं।

'कार्यक्रम प्रसार भारती की न्यूज़ फीड सेवा 'पीबी शब्द' पर भी उपलब्ध'

मुरुगन ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रसार भारती की न्यूज़ फीड सेवा 'पीबी शब्द' पर भी उपलब्ध कराया जाता है ताकि इसे विभिन्न संबद्ध मंचों और चैनलों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित किया जा सके। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम सहित कई सोशल मीडिया मंच पर भी देश और दुनिया भर में दर्शक सुनते और देखते हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article