देश

PM मोदी आज करेंगे सांसदों के नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन, जानें क्या-क्या हैं सुविधाएं

PM Modi: सांसदों के लिए नवनिर्मित टाइप-सात के 184 बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन आज पीएम मोदी करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री आवासीय परिसर में सिंदूर का पौधा लगाएंगे।

Image

प्रधानमंत्री नयी दिल्ली में सांसदों के लिए नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए नवनिर्मित टाइप-सात के 184 बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री आवासीय परिसर में सिंदूर का पौधा लगाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, वह इस मौके पर श्रमजीवियों से बातचीत करेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। बयान में कहा गया है कि इन फ्लैटों का उद्घाटन 11 अगस्त को सुबह लगभग 10 बजे किया जाएगा। बयान में कहा गया कि हरित प्रौद्योगिकी को सम्मिलित करते हुए, यह परियोजना जीआरआईएचए तीन-स्टार रेटिंग के मानकों का पालन करती है और राष्ट्रीय भवन संहिता (एनबीसी) 2016 का अनुपालन करती है। इन पर्यावरणीय रूप से स्थायी विशेषताओं से ऊर्जा संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन में योगदान मिलने की आशा है।

उन्नत निर्माण तकनीक से बनी हैं ये इमारतें

इसमें कहा गया कि ‘उन्नत निर्माण तकनीक, विशेष रूप से एल्युमीनियम शटरिंग के साथ मोनोलिथिक कंक्रीट के उपयोग ने संरचनात्मक स्थायित्व सुनिश्चित करते हुए परियोजना को समय पर पूरा करना संभव बनाया। यह परिसर दिव्यांगजनों के अनुकूल भी है, जो समावेशी डिजाइन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’ इसमें कहा गया है कि संसद सदस्यों के लिए पर्याप्त आवास की कमी के कारण परियोजना का विकास आवश्यक हो गया था। भूमि की सीमित उपलब्धता के कारण, भूमि उपयोग को अनुकूलित करने और रखरखाव लागत को न्यूनतम करने के ध्येय से ऊर्ध्वाधर आवास विकास पर लगातार बल दिया गया है।

बयान में कहा गया कि ‘प्रत्येक आवासीय इकाई में लगभग 5000 वर्ग फुट का कार्पेट क्षेत्र है, जो आवासीय और आधिकारिक दोनों कार्यों के लिए पर्याप्त जगह प्रदान करता है। कार्यालयों, कर्मचारियों के आवास और एक सामुदायिक केंद्र के लिए समर्पित क्षेत्रों को शामिल करने से संसद सदस्यों को जन प्रतिनिधि के रूप में अपनी उत्तरदायित्‍वों को पूरा करने में मदद मिलेगी।’ परिसर के सभी भवनों का निर्माण आधुनिक संरचनात्मक डिजाइन मानदंडों के अनुरूप भूकंपरोधी बनाया गया है। बयान में कहा गया कि सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक और सुदृढ़ सुरक्षा तंत्र कार्यान्वित किया गया है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article