देश

Chenab Bridge Live Update: पीएम मोदी ने किया चिनाब पुल का उदघाटन, गुजरेगी वंदे भारत ट्रेन, 'जन्नत' की सैर होगी आसान

272 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन (USBRL) के अंतिम हिस्से काजीगुंड-बारामूला खंड पर जो कि 118 किलोमीटर लंबा है, इसकी शुरुआतअक्टूबर 2009 में हो गई थी। इसके बाद काजीगुंड एवं बनिहाल के बीच 18 किलोमीटर हिस्से पर जून 2013 में, उधमपुर-कटरा (25 किलोमीटर) जुलाई 2014 में और बनिहाल-संगलादन (48.1KM) खंड की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई।

chenab bridge

देश के बाकी हिस्सों से ट्रेन से जुड़ेगा कश्मीर।

Train over Chenab : कश्मीर को ट्रेन के जरिए देश के बाकी हिस्से से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार यानी 6 जून की तारीख इतिहास में दर्ज होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे पुल का उद्घाटन कर दिया है। इसके साथ ही वह श्रीनगर और कटरा के बीच चलने वाली दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस खंड के लिए वंदे भारत ट्रेनों को खास तरीके से डिजाइन किया गया है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल संपर्क (यूएसबीआरएल) परियोजना के निर्माण में मेहनत और इंजीनियरिंग के अद्भुत कौशल का समावेश है। यहां एक रेलवे संग्रहालय का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे।

चिनाब रेलवे ब्रिज पहुंचे पीएम मोदी

उधमपुर स्थित वायुसेना स्टेशन पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री चिनाब नदी पर बने पुल का उद्घाटन करने के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हुए। पीएम मोदी चिनाब रेलवे ब्रिज पहुंचे और यहां श्रमिकों-रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों से बातचीत की। उनके साथ रेल मंत्री अश्विन वैष्णव और सीएम उमर अब्दुल्ला भी हैं।

272 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन (USBRL)

272 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन (USBRL) के अंतिम हिस्से काजीगुंड-बारामूला खंड पर जो कि 118 किलोमीटर लंबा है, इसकी शुरुआतअक्टूबर 2009 में हो गई थी। इसके बाद काजीगुंड एवं बनिहाल के बीच 18 किलोमीटर हिस्से पर जून 2013 में, उधमपुर-कटरा (25 किलोमीटर) जुलाई 2014 में और बनिहाल-संगलादन (48.1KM) खंड की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई। रेल परियोजना के बाकी बचे हिस्से कटरा-संगावदान (63 किलोमीटर) हिस्से का उद्घाटन प्रधानमंत्री छह जून को करने वाले हैं। इसी खंड पर चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे पुल को भी वह राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

चिनाब नदी के निर्माण में 1,400 करोड़ रुपए की लागत आई है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा और आर्च ब्रिज है। नदी से इस पुल की ऊंचाई 359 मीटर है और यह पेरिस के एफिल टावर से करीब 35 मीटर ऊंचा है।

Chenab bridge

सात जून से आम लोगों के लिए शुरू होगी सेवा

जम्मू कश्मीर में कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा सात जून से आम लोगों के लिए शुरू ही जाएगी। उत्तर रेलवे ने बताया कि भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने इसके लिए अग्रिम बुकिंग बृहस्पतिवार शाम से शुरू कर दी। उत्तर रेलवे के अनुसार, कटरा से श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत ट्रेन दिन में चार फेरे लगाएंगी। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, ‘इस ट्रेन में दो श्रेणियां चेयर कार (सीसी) और एक्जिक्यूटिव क्लास (ईसी) हैं और टिकट की दर क्रमश: 715 रुपये और 1,320 रुपये है।’

अभी ट्रेनें केवल बनिहाल में रुकेंगी

पहली ट्रेन कटरा से सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और 11:08 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। यही ट्रेन अपराह्न 2 बजे श्रीनगर से वापस आएगी और शाम 4:58 बजे कटरा पहुंचेगी। यह ट्रेन सेवा मंगलवार को उपलब्ध नहीं होगी। इसी तरह एक और ट्रेन कटरा से अपराह्न 2:55 बजे रवाना होगी और शाम 5:53 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। यही ट्रेन अगले दिन सुबह 8 बजे श्रीनगर से वापस आएगी। यह सेवा बुधवार को संचालित नहीं होगी। एक अधिकारी ने कहा, ‘लगभग 3 घंटे की यात्रा के दौरान, अभी ट्रेनें केवल बनिहाल में रुकेंगी, लेकिन बाद में अन्य ठहराव के बारे में भी निर्णय लिया जाएगा।’

Chenab bridge

आईआरसीटीसी के एक अधिकारी ने कहा, ‘यात्रा के दौरान यात्रियों को शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा जिसमें कुछ स्थानीय व्यंजन शामिल होंगे।’रेल मंत्रालय ने कहा, ‘रेल संपर्क बढ़ने से यात्रियों को खीर भवानी मंदिर, मार्तंड सूर्य मंदिर में जाने और अमरनाथ यात्रा में शामिल होने में सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।’ मंत्रालय ने कहा कि इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेनें विशेष रूप से ‘एंटी-फ्रीजिंग’ तकनीक के साथ डिजाइन की गई हैं, ताकि अत्यधिक ठंड में पानी और बायो-टॉयलेट को जमने से रोका जा सके।

विमान कंपनियों की लूट समाप्त होगी

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर के लिए रेल सेवा के होने वाले उद्घाटन को देर आए दुरुस्त आए करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह भी 'लंबे समय से इंतजार' कर रहे थे, क्योंकि यह घाटी के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित कश्मीर रेल लिंक का उद्घाटन करेंगे। वह चिनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी ब्रिज का भी उद्घाटन करेंगे।

अब्दुल्ला ने कहा कि रेल सेवा शुरू होने से लोग ज्यादा खर्च किए बिना यात्रा कर सकेंगे और कुछ हवाई सेवा प्रदाताओं का व्यवसाय समाप्त हो जाएगा, जो 5,000 रुपये की टिकटें 20,000 रुपये में बेचकर हमें लूटते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

लेटेस्ट न्यूज

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव Author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article