देश

पीएम मोदी आज बेंगलुरू में, 3 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी, जानिए पूरी डिटेल्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी बेंगलुरु यात्रा के दौरान तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और नम्मा मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन करेंगे। जानिए इनकी पूरी डिटेल....

Image

तीन नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी (ANI)

PM Modi To Inaugurate 3 Vande Bharat Trains: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन पर तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें बेंगलुरु से बेलगावी, अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी) से पुणे जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं। इसके बाद वह बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन को हरी झंडी दिखाएंगे और आरवी रोड, रागीगुड्डा से इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो की सवारी करेंगे। प्रधानमंत्री बेंगलुरु में शहरी संपर्क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

तीन नई ट्रेनें और उनके रूट

केएसआर बेंगलुरु–बेलगावी वंदे भारत एक्सप्रेस – प्रमुख ठहराव: धारवाड़, हुब्बलि, हावेरी, दावणगेरे, तुमकूर और यशवंतपुर।

नागपुर (अजनी)–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस – प्रमुख ठहराव: वर्धा, बडनेरा, शेगांव, अकोला, भुसावल, जलगांव, मनमाड़, कोपरगांव, अहिल्यानगर, दौंड कॉर्ड लाइन।

श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा–अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस – प्रमुख ठहराव: जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर शहर और ब्यास।

144 वंदे भारत ट्रेन चल रही हैं

देशभर में फिलहाल 144 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चल रही हैं। इन तीन नई ट्रेनों के जुड़ने से यह संख्या बढ़ जाएगी। अब तक 6.3 करोड़ से अधिक यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस का अनुभव ले चुके हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से न सिर्फ़ यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा, बल्कि यह देश के चार प्रमुख राज्यों में विकास की रफ्तार को भी और तेज करेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस

पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से बनी सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ‘कवच’ सिस्टम से लैस है, जो यात्रा को और सुरक्षित बनाता है। इसमें फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, आरामदायक सीटें, आधुनिक शौचालय और इंफोटेनमेंट की सुविधा है। हर कोच में GPS आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम भी है, जिससे यात्री हर समय ट्रेन की स्पीड, लोकेशन और अगले स्टेशन की जानकारी पा सकते हैं।

मेट्रो की येलो लाइन में 16 स्टेशन होंगे

पीएम मोदी 15,610 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बेंगलुरु मेट्रो चरण-3 परियोजना की आधारशिला रखेंगे। परियोजना की कुल लंबाई 44 किलोमीटर से अधिक होगी और इसमें 31 एलिवेटेड स्टेशन होंगे। वहीं, आरवी रोड से बोम्मासंद्रा तक 19.15 किलोमीटर लंबी नम्मा मेट्रो की येलो लाइन में 16 स्टेशन होंगे और इसके निर्माण की लागत 5,056.99 करोड़ रुपये है। यह नई लाइन मेट्रो फेज-2 का हिस्सा है और महत्वपूर्ण आवासीय, औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ेगी, जिससे बेंगलुरु के व्यस्त तकनीकी और औद्योगिक गलियारे में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस लाइन के खुलने से बेंगलुरु में चालू मेट्रो नेटवर्क 96 किलोमीटर से ज्यादा हो जाएगा, जो इस क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को सेवा प्रदान करेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!