West Asia Conflict: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे सैन्य तनाव के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ चर्चा की। इससे पहले, पीएम मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम और ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सईद से बातचीत की।
मैक्रों से क्या कुछ बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मेरे प्रिय मित्र, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी पश्चिम एशिया की स्थिति पर बातचीत हुई। हमने तनाव कम करने की तत्काल जरूरत और संवाद व कूटनीति की ओर वापस लौटने पर जोर दिया। हम क्षेत्र और दुनिया में शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने करीबी समन्वय को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''
पश्चिम एशिया में तनाव कम की जरूरत
पीएम मोदी ने लगातार संवाद के जरिए पश्चिम एशिया में तनाव कम की जरूरत पर जोर दे रहे हैं। पीएम मोदी ने गुरुवार को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मेरे भाई, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से मेरी सार्थक बातचीत हुई। मैंने उन्हें और ओमान की जनता को ईद की अग्रिम मुबारकबाद दी।''
उन्होंने कहा कि हम दोनों इस बात पर सहमत हुए कि हालात को शांत करने और स्थायी शांति व स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। मैंने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की भारत द्वारा निंदा दोहराई और हजारों लोगों, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं, की सुरक्षित वापसी में ओमान के प्रयासों की सराहना की। भारत और ओमान, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में सुरक्षित और स्वतंत्र नौवहन के पक्षधर हैं।
PM मोदी ने मलेशियाई PM से भी की बात
पीएम मोदी ने मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम से भी पश्चिम एशिया में जारी तनाव को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा, ''मेरे मित्र, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से भी बातचीत हुई। मैंने उन्हें और मलेशिया की जनता को आगामी त्योहार Hari Raya Aidilfitri की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया की गंभीर स्थिति पर चर्चा की और तनाव कम करने के साथ-साथ संवाद और कूटनीति के जरिए जल्द शांति बहाल करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।''
