देश

'शानदार रही बैठक...', महाराजा चार्ल्स तृतीय से मिल बोले PM मोदी; पौधा किया भेंट

लंदन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पूर्वी इंग्लैंड के नॉरफॉक स्थित सैंड्रिंगम एस्टेट में महाराजा चार्ल्स तृतीय के साथ मुलाकात के दौरान उन्हें "एक पेड़ मां के नाम" पर्यावरण पहल के तहत एक पौधा भेंट किया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, महाराजा को भेंट किया गया पौधा डेविडिया इनवोलुक्रेटा 'सोनोमा' प्रजाति का है। इसे आमतौर पर ‘सोनोमा डव ट्री’ के नाम से जाना जाता है।

Image

PM मोदी ने महाराजा चार्ल्स तृतीय से की मुलाकात (फोटो साभार: @PMOIndia)

Photo : Twitter

लंदन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पूर्वी इंग्लैंड के नॉरफॉक स्थित सैंड्रिंगम एस्टेट में महाराजा चार्ल्स तृतीय के साथ मुलाकात के दौरान उन्हें "एक पेड़ मां के नाम" पर्यावरण पहल के तहत एक पौधा भेंट किया। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों के बीच योग और आयुर्वेद जैसे पहलुओं के साथ-साथ भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते, जिसे व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) के रूप में जाना जाता है, पर भी चर्चा हुई, जिस पर उनके और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर के बीच हस्ताक्षर हुए थे।

PM मोदी ने क्या कुछ कहा?

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि महाराजा राजा चार्ल्स तृतीय के साथ बहुत शानदार बैठक हुई। पीएम मोदी ने कहा, "हमने भारत-ब्रिटेन संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसमें सीईटीए और ‘विज़न 2035’ के मद्देनजर व्यापार और निवेश की जमीनी प्रगति भी शामिल थी। चर्चा के अन्य विषयों में शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण, विशेष रूप से योग और आयुर्वेद शामिल थे। हमने पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता पर भी बात की।"

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रधानमंत्री की यात्रा के बारे में विदेश मंत्रालय की प्रेस वार्ता के दौरान संवाददाताओं को बताया कि पौधारोपण के मौसम के दौरान शाही स्थल पर यह पौधा लगाया जाएगा। महाराजा के निवास स्थल ‘बकिंघम पैलेस’ ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में मोदी और महाराजा चार्ल्स तृतीय की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा, "आज दोपहर, महाराजा ने सैंड्रिंगम हाउस में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया।"

बयान में कहा गया है, "मोदी के साथ बिताए गए समय के दौरान, महाराजा को वसंत ऋतु में लगाया जाने वाला एक पेड़ उपहार में दिया गया, जो प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई पर्यावरण पहल 'एक पेड़ मां के नाम' से प्रेरित है। यह पहल लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करती है।"

सोनोमा प्रजाति का पौधा किया भेंट

समाचार एजेंसी भाषा ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि महाराजा को भेंट किया गया पौधा डेविडिया इनवोलुक्रेटा 'सोनोमा' प्रजाति का है। इसे आमतौर पर ‘सोनोमा डव ट्री’ के नाम से जाना जाता है। यह एक सजावटी पेड़ है, जो कम समय में और प्रचुर मात्रा में फूल खिलने के लिए प्रसिद्ध है। डेविडिया इनवोलुक्रेटा प्रजाति के विपरीत, जिसे खिलने में अक्सर 10 से 20 वर्ष लगते हैं, 'सोनोमा' एक समयपूर्व विकसित होने वाली किस्म है। यह पौधा इसे लगाए जाने के दो से तीन वर्षों के भीतर फूल देने लगता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article