PM Modi in Gangtok: बंगाल चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) सिक्किम पहुंचे और यहां उन्होंने राज्य के युवाओं के साथ फुटबॉल खेलकर कुछ वक्त बिताया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से बातें भी कीं। युवाओं के साथ अपने इस खेल की तस्वीरें पीएम ने X पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि सिक्किम में अपने युवा दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने से अच्छा कुछ नहीं हो सकता। गंगटोक में सुबह की एक प्यारी शुरुआत!
तस्वीरों में पीएम मोदी मैदान में युवा बच्चों के साथ गर्मजोशी से फुटबॉल खेलते नजर आए। पीएम को फुटबॉल खेलता देख वहां उपस्थित लोग भी काफी ऊर्जावान दिखे। राज्य के युवा खिलाड़ियों के साथ पीएम के इस फुटबॉल खेल को काफी प्रशंसा मिली। लोगों ने कहा कि इससे फिट रहने की प्रेरणा मिली।
रोड शो का नेतृत्व भी किया
सोमवार शाम सिक्किम की राजधानी गंगटोक में पीएम ने एक विशाल रोड शो का नेतृत्व भी किया। सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोदी गंगटोक पहुंचे। लेपचा कोट पहने मोदी का लिबिंग हेलीपैड पर राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्वागत किया। हेलीपैड से प्रधानमंत्री ने रोड शो शुरू किया, जो लोक भवन में समाप्त होगा, जहां वह रात्रि प्रवास करेंगे। खुली गाड़ी में मोदी के बाईं ओर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और दाईं ओर राज्य भाजपा अध्यक्ष डी.आर. थापा बैठे थे। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर घंटों तक भारी भीड़ उमड़ती रही और लोग राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला पहुंचा, लोग जश्न मनाने लगे और उत्सव का माहौल बन गया।

Footbal
कई जगहों पर मेहराबदार द्वार बनाए गए
रोड शो के मार्ग को सजाया गया था, कई जगहों पर मेहराबदार द्वार बनाए गए थे और सड़कों के किनारे प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए थे। मंगलवार को मोदी गंगटोक स्थित ’ऑर्किडेरियम’ का दौरा करेंगे। राज्य की पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर एक विश्व स्तरीय ’ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में ’स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क’ विकसित किया गया है।
सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष
मोदी पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने से जुड़े समारोह के समापन कार्यक्रम में भाग लेने के साथ 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण भी करेंगे। ये परियोजनाएं अवसंरचना, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित कई क्षेत्रों को कवर करती हैं। इस अवसर पर मोदी सभा को संबोधित भी करेंगे।
पिछले वर्ष नहीं पहुंच पाए थे
पिछले वर्ष राज्य के रूप में सिक्किम के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित वार्षिक समारोह के उद्घाटन समारोह में उन्हें उपस्थित होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके थे। हालांकि, उन्होंने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभा को संबोधित किया था।
