देश

पीएम मोदी को मदुरै में आई मलेशिया की याद; अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में दर्शन के बाद साझा की ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अपनी मलेशिया यात्रा को भी याद किया।

Image

पीएम मोदी ने किया रुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर में दर्शन। (फोटो- पीटीआई)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने मदुरै में 4400 करोड़ रुपये की लागत वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थिरुप्परनकुंद्रम में सुब्रमण्य स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री मोदी का मंदिर दौरा मद्रास उच्च न्यायालय के उस फैसले पर उठे विवाद की पृष्ठभूमि में हुआ है,जिसमें अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के श्रद्धालुओं को तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपा थून पर औपचारिक दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी ।

पूजा अर्चना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA की जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां आने से पहले,मैं तिरुप्परनकुंद्रम गया था। भगवान मुरुगन के दर्शन करना सच में एक दिव्य अनुभव था। मैंने वहां तमिलनाडु और पूरे देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब मैं वहां दर्शन कर रहा था उसी समय,मेरा दिल भारी हो गया। मुझे थिरु पूर्णा चंद्रन की याद आई,वो युवा भक्त जिन्होंने अपनी जान दे दी। आज,मैं उनकी पत्नी,थिरुमति इंदुमति पूर्णा चंद्रन और उनके दो छोटे बच्चों से मिला। मैंने उनका दुख महसूस किया और उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। मैं प्रार्थना करता हूं कि थिरु पूर्णा चंद्रन की आत्मा को भगवान मुरुगन के चरणों में शांति मिले। यह दुख की बात है कि DMK सरकार की कठोरता की वजह से यह हुआ। DMK चाहे कुछ भी करे,सच्चाई की जीत होगी। भगवान मुरुगन के भक्त जीतेंगे।

पीएम मोदी दंडवत करते हुए।

पीएम मोदी दंडवत करते हुए। (पीटीआई)

मदुरै में मलेशिया यात्रा को किया याद

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां आप जो स्नेह मुझ पर बरसा रहे हैं,उससे मुझे पिछले महीने मलेशिया की अपनी यात्रा की याद आ गई। वहां मुझे अपने तमिल भाइयों और बहनों से जो स्नेह मिला,वह असाधारण था। वहां तमिल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए,हमने मलाया विश्वविद्यालय में तिरुवल्लुवर चेयर की स्थापना पहले ही कर दी है। अब हम वहां तिरुवल्लुवर केंद्र भी स्थापित कर रहे हैं।

कांग्रेस और डीएमके पर साधा निशाना

वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में व्यापार और विकास की संभावनाओं पर भी बात की। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर तंज कसते हुए कहा कि यह एक तटीय राज्य है और इसमें अपार संभावनाएं हैं। लेकिन जब कांग्रेस और डीएमके पहले सत्ता में थीं, तब वे निष्क्रिय थीं। मदुरवॉयल कॉरिडोर रुका हुआ था,थूथुकुडी ट्रांसशिपमेंट सिर्फ कागजों पर ही रह गया था। 2014 के बाद हमें चेन्नई बंदरगाह मिला। हमने बंदरगाह और मदुरवॉयल एलिवेटेड कॉरिडोर को पुनर्जीवित किया। हमने कामराजा और चेन्नई बंदरगाह को एकीकृत करके भारत का पहला मेगा पोर्ट क्लस्टर बनाया।

पीएम मोदी।

पीएम मोदी।

'तमिलनाडु की अगली सरकार एनडीए की'

तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को आईना दिखाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तमिलनाडु में सत्ता में वापसी का सपना देख रहे हैं। जब वे एनडीए की विशाल रैली देखेंगे,तो उनके सपने दुःस्वप्न में बदल जाएंगे। लोग जानते हैं कि यह चुनाव राज्य के लिए निर्णायक मोड़ है। मैं देख सकता हूं कि तमिलनाडु ने अपना मन बना लिया है। जनता ने फैसला कर लिया है कि डीएमके को सत्ता से बाहर करना होगा। वे यह भी भली-भांति जानते हैं कि केवल एनडीए ही बदलाव ला सकता है। यह मैं आपकी आंखों में देख सकता हूँ। तमिलनाडु की अगली सरकार एनडीए की ही होगी।

डीएमके ने नहीं किया मदुरै को पसंद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2021 में 25 लंबे वर्षों के बाद,डीएमके को अपने दम पर पूर्ण बहुमत मिला। लेकिन उन्होंने सुशासन नहीं दिया। उन्होंने वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देते हुए राज्य को लूटा और जनता की आकांक्षाओं की अनदेखी की। मदुरै को देखिए। मदुरै एमजीआर के साथ खड़ा रहा, जो इस शहर से बेहद प्यार करते थे; इसीलिए डीएमके ने कभी मदुरै को पसंद नहीं किया। डीएमके मदुरै में माफिया-शैली की राजनीति लेकर आई। उन्होंने खराब सड़कें, खराब जल निकासी व्यवस्था और अपशिष्ट प्रबंधन का अभाव पैदा किया। उन्होंने मदुरै को स्वच्छता में राष्ट्रीय रैंकिंग में सबसे निचले पायदान पर पहुंचा दिया। यहां तक कि भ्रष्टाचार के कारण मदुरै के डीएमके मेयर को भी इस्तीफा देना पड़ा। यही उनका मॉडल है,पैसा खुद के लिए, समस्याएं जनता के लिए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article