देश

'बदलते दौर में बदले UN...', PM मोदी-गुटेरेस की अहम मुलाकात, सुरक्षा परिषद सुधार समेत वैश्विक मुद्दों पर मंथन

नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से द्विपक्षीय मुलाकात की। यूएन प्रमुख ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की सराहना की।

Image

पीएम मोदी से मिले UN चीफ एंटोनियो गुटेरेस (फोटो: X/@narendramodi)

राजधानी नई दिल्ली में आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान भारत की कूटनीतिक धमक पूरी दुनिया में देखने को मिल रही है। सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान यूएन प्रमुख ने चौथी बार ब्रिक्स की सफल अध्यक्षता संभालने के लिए भारत और प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी।

इस खास मुलाकात में दोनों नेताओं ने बदलते वैश्विक परिदृश्य में बहुपक्षवाद (Multipolarity) को बनाए रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही, वर्तमान समय की वास्तविकताओं को ध्यान में रखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) समेत तमाम अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में तुरंत सुधार की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की। बैठक में वैश्विक संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान, नौवहन की स्वतंत्रता, सतत विकास, मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अक्षय ऊर्जा में प्रगति और वैश्विक खाद्य सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से बातचीत हुई।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दुनिया भर के दिग्गज नेता दिल्ली में जुटे

12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रहे इस 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दुनिया भर के दिग्गज नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के अलावा, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, और कई अन्य सदस्य व साझेदार देशों के प्रतिनिधि भारत पहुंचे हैं।

वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए भी अहम

इस बार भारत की अध्यक्षता का मुख्य विषय "लचीलापन, नवाचार, सहयोग और निरंतरता के लिए निर्माण" (Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability) रखा गया है। 11 देशों वाले इस शक्तिशाली समूह के माध्यम से भारत 'ग्लोबल साउथ' (विकासशील देशों) की आवाज को वैश्विक मंचों पर मजबूती से उठाने का काम कर रहा है। नई दिल्ली में हो रहा यह सम्मेलन न केवल आर्थिक और व्यापारिक दृष्टिकोण से अहम है, बल्कि यह वैश्विक शांति और स्थिरता की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित हो रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article