PM Modi Announce National Creators Award 2024 First Ever : अपनी फर्राटेदार हिंदी एवं बिहारी अंदाज से करोड़ों भारतीयों के दिल में अपनी जगह बना चुके यूट्यूबर ड्रिउ हिक्स के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। प्रगति मैदान के भारत मंडपम में उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई। यहां नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड देते समय प्रधानमंत्री ने हिक्स से बिहारी सुनने की मांग की। इस पर हिक्स ने कहा कि यहां आने पर वह इतना नर्वस महसूस कर रहे हैं कि वह हिंदी, भोजपुरी, अंग्रेजी सब भूल गए हैं। उन्होंने कहा, 'यह सम्मान पाकर बहुत खुश हैं। मैं भारत का नाम रोशन करना चाहता हूं। ऐसा करने में यदि मैं सफल होता हूं तो मैं खुश हूं।'
इस साल यह अवार्ड देने की शुरुआत हुई
अलग-अलग क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों से नाम करने वाले लोगों को पीएम ने नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस साल यह अवार्ड देने की शुरुआत हुई है। अवार्ड देने की बारी जब ड्रिउ की आई और जब वह मंच पर पहुंचे तो वहां उपस्थित लोगों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। उनके आते ही पीएम ने ड्रिउ से बिहारी अंदाज में कुछ कहने के लिए कहा। इस पर ड्रिउ ने कहा कि यहां आकर वह काफी नर्वस हैं। पीएम ने ड्रिउ को बेस्ट इंटरनेशनल क्रिएटर्स अवार्ड दिया।
'मेरी बात सुन-सुन कर लोग थक जाते हैं'
ड्रिउ के बाद लोकगायिका एवं बिहार से आने वाली मैथिली ठाकुर को पीएम ने कल्चरल अंबेसडर ऑफ द इयर अवार्ड से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री ने मैथिली से कहा कि उनकी बात सुन-सुन कर लोग थक जाते हैं, इसलिए आप ही कुछ सुना दें। पीएम की मांग पर मैथिली ने शिव भजन गाकर सुनाया और उनके साथ सेल्फी ली।
इस मौके पर क्रिएटर्स की सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि युवाओं को और उनकी क्रिएटिविटी को सम्मान देने के लिए यह अवॉर्ड पहली बार आयोजित हो रहे हैं। इससे क्रियेटर्स को मोटिवेशन मिलेगा।
पीएम ने इंटरनेशनल विमेंस डे की भी बधाई दी
इस मौके पर पीएम ने कहा कि 'आज महाशिवरात्रि भी है। मेरे काशी में तो शिव जी के बिना कुछ नहीं चलता है। भगवान शिव भाषा, कला और क्रिएटिविटी के रचनाकार माने गए हैं। साथ ही मोदी ने इंटरनेशनल विमेंस डे की भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं पहली बार देख रहा हूं कि पुरुष भी ताली बजा रहे हैं। मैं अभी थोड़ी देर पहले ही गैस सिलेंडर के रेट कम करके आया हूं।'
