Viksit Vibrant Village Program 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'विकसित गांव' कार्यक्रम 2026 के प्रतिभागियों से बातचीत की। इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के 245 से अधिक जिलों से 5,000 से ज्यादा स्वयंसेवक पीएम मोदी से जुड़े।
निकिता सोलंकी ने बताया, ''सर, मैं रिकांग पिओ गई थी और वहां हमारा तीन दिनों तक मेडिकल चेकअप हुआ। इसके बाद, हमारी यात्रा शुरू हुई... मैंने सोचा नहीं था कि मैं एक छोटे से द्वीप से सीमावर्ती गांव तक पहुंचूंगी, लेकिन मुझे माई भारत के जरिए यह अवसर प्राप्त हुआ। मैं साथियों को बताना चाहती हूं कि एक लड़की होने के नाते परिवार से दूर पहाड़ों के बीच जाने का मौका मिला। यह एक नया अनुभव और चुनौतीपूर्ण सफर था, लेकिन गांव वालों ने गले लगाकर स्वागत किया और मुझे अपनी बेटी मान लिया था। मुझे तो गर्व है देश की बेटियों पर, जो ऐसे कार्यक्रमों में निडर होकर भाग ले रही हैं और दूरदराज के हिमालयी गांवों तक पहुंच रही हैं और नए अनुभवों के साथ लौट रही हैं।''
'हर बेटी आत्मविश्वास से बढ़ें आगे'
इस दौरान, पीएम मोदी ने सामूहिकता की परंपरा का उल्लेख किया और कहा कि सामूहिकता से शक्ति आती है। उन्होंने कहा, ''आज कल सोलो ट्रैवलिंग का बहुत ट्रेंड चल रहा है। सोलो ट्रैवलिंग खुद को जानने के साथ-साथ दुनिया को जानने का एक तरीका है... एक तरीके से आप लोग भी सोलो गए थे, मगर वापस आते हुए माई भारत ने सबको परिवार बना दिया होगा। आप लोगों ने पूरी यात्रा अकेले ही की है। यह भारत की बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक है।'' पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारी नीति है कि हमारा हर युवा, हर बेटी इसी भरोसे और आत्मविश्वास से आगे बढ़े।
युवा स्वयंसेवकों ने बताया अपना अनुभव
इस दौरान दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव का प्रतिनिधित्व करने वाले MY Bharat स्वयंसेवक दिव्यांशु जोशी ने 'विकसित वाइब्रेंट विलेज' कार्यक्रम को लेकर अपना अनुभव साझा किया। दिव्यांशु जोशी ने बताया कि माई भारत की ओर से मिले इस अवसर के जरिए उन्हें देश के सीमावर्ती गांवों का दौरा करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि एक सामान्य युवा के रूप में उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें देश के ऐसे दूरदराज और सीमावर्ती गांवों को देखने का अवसर मिलेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'छात्रों को मारने का आदेश किसने दिया', राहुल ने अमित शाह को लिखा पत्र; कहा- सुरक्षाबलों ने बिना-सोचे समझे किया बल प्रयोग
उन्होंने कहा कि MY Bharat के तहत विकसित भारत, विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग, विकसित भारत युवा संसद, बजट क्विज, मेंटरशिप प्रोग्राम और वॉलंटियरिज्म समेत कई पहल चलाई जा रही हैं। दिव्यांशु जोशी के मुताबिक, इन पहलों के जरिए देशभर के 2.3 करोड़ से अधिक युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच मिला है। उन्होंने इसे 'नेशन फर्स्ट' यानी राष्ट्र प्रथम की सच्ची भावना बताया।
