PM-VBRY Scheme: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पीएम-विकसित भारत रोजगार योजना के तहत इंसेंटिव बांटने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि आज यहां इस प्रोग्राम से जुड़े युवा दोस्तों में मुझे भारत के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर दिख रही है। मैं कुछ घंटे पहले ही फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी यात्रा से लौटा हूं। जी7 में विकसित देशों के दिग्गज नेताओं से मिला हूं।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत की युवा शक्ति की चर्चा कर रही है। भारत के टैलेंट, स्किल्स और पोटेंशियल की चर्चाएं दूर-दूर तक हो रही हैं। दुनिया भारत के युवाओं की क्षमताओं को अच्छी तरह पहचानने लगी है। ऐसे समय में हमारी कोशिश है कि भारत का हर युवा अपने पोटेंशियल को अवसर में बदल सके, और इसी सोच के साथ 'पीएम विकसित भारत रोजगार योजना' शुरू की गई है।
क्या कुछ बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना सहयोग से अब तक करीब 70 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं। पहली बार कर्मचारियों को सोशल सिक्योरिटी का सुरक्षा कवच भी दिया गया है। करीब 20 लाख युवाओं ने अपनी नई नौकरी में छह महीने पूरे कर लिए हैं, और इनमें से 10 लाख को इस स्कीम के लाभार्थी के तौर पर इंसेंटिव मिला है। उन्होंने कहा, ''करीब 2,000 करोड़ सीधे उनके खातों में जमा किए गए हैं। यह रकम सिर्फ वित्तीय मदद नहीं है, यह उनकी कड़ी मेहनत की पहचान और तारीफ है।''उन्होंने कहा कि ये आंकड़े और अनुभव बताते हैं कि जब सरकार, युवा और उद्योग एक साथ आगे बढ़ते हैं, तो रोजगार निर्माण की गति कई गुना बढ़ जाती है। पीएम विकसित भारत रोजगार मेला योजना, इसी नए भारत की पहचान है। एक ऐसा भारत, जहां युवा को अवसर मिले, उद्योग को प्रोत्साहन मिले और रोजगार निर्माण एक राष्ट्रीय अभियान बन जाए।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है, इसलिए विकसित भारत का रास्ता भी युवाओं के सपनों, कौशल और उनके सामर्थ्य से होकर ही आगे जाता है। हमारा प्रयास है कि देश का हर युवा अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि हुनर वाले युवाओं को अवसर, आइडिया वाले युवाओं को मंच मिलना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे', राष्ट्रपति मैक्रों ने PM मोदी को जब हिंदी में दी शुभकामनाएं; सामने आया VIDEO
पीएम मोदी ने कहा कि भारत जैसे युवा देश अवसरों के स्रोत्र जितने अधिक होंगे, युवाओं के सपनों को उतनी ही अधिक उड़ान मिलेगी। इसी सोच के साथ बीते 12 सालों में रोजगार के हर रास्ते को मजबूत किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर इनोवेशन तक, मैनुफ्रैक्चरिंग से लेकर डिजिटल इकोनॉमी तक, स्पेस से लेकर स्टार्टअप्स तक हर क्षेत्र में नए अवसर तैयार किए गए हैं। मेक इन इंडिया अभियान, वोकल फॉर लोकल, मिशन मैन्युफ्रैक्चरिंग यह तमाम योजनाएं, देश में रोजगार और स्व-रोजगार के अवसर बना रही हैं।
