देश

बंगाल में 'कमल' खिलते ही याद आए जनसंघ के पुरोधा; PM मोदी ने माखनलाल सरकार को गले लगाया, भावुक हुआ परिवार

पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के शपथ ग्रहण के दौरान PM मोदी ने 97 वर्षीय माखनलाल सरकार को सम्मानित किया। जानें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के इस साथी का संघर्ष और बंगाल भाजपा की नींव रखने की कहानी।

Image

प्रधानमंत्री ने माखनलाल को गले लगाया और पांव छुए (चित्र साभार: X/@narendramodi)

पश्चिम बंगाल की राजनीति में 9 मई 2026 का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने हर किसी की आंखें ठिठका दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब मंच पर वयोवृद्ध नेता माखनलाल सरकार को गले लगाया, तो सभी यह जानने को उत्सुक थे कि यह नेता कौन हैं। यह न केवल एक सम्मान था, बल्कि बंगाल में दशकों के संघर्ष और तपस्या को मिला प्रतिफल था।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस पल को साझा करते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार का शपथ लेना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विजन को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कौन हैं माखनलाल सरकार?

माखनलाल सरकार को उत्तर बंगाल और सिलिगुड़ी क्षेत्र में भाजपा का 'भीष्म पितामह' माना जाता है। उनके राजनीतिक जीवन की कुछ अनकही और गौरवशाली बातें हैं। उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। जब डॉ. मुखर्जी कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए आंदोलन कर रहे थे, तब माखनलाल उनके साथ थे और उन्हें जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार भी किया गया था। उन्हें सिलिगुड़ी, दार्जिलिंग पहाड़ियों और तराई क्षेत्रों में भाजपा का संस्थापक सदस्य माना जाता है। वह भाजपा सिलिगुड़ी संगठनात्मक जिले के पहले जिला अध्यक्ष भी रहे। उनके बेटे माणिक सरकार बताते हैं कि उनके पिता को उस दौर में राष्ट्रगान गाने के लिए भी गिरफ्तार किया गया था जब आरएसएस पर प्रतिबंध लगा था।

परिवार के लिए 'अविस्मरणीय' दिन

सिलिगुड़ी में रहने वाले माखनलाल जी के परिवार के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं था। उनकी बहू मीनू सरकार ने भावुक होते हुए कहा, "आज का दिन ऐतिहासिक है। मेरे ससुर ने दशकों तक पार्टी को अपना खून-पसीना दिया, आज प्रधानमंत्री ने उन्हें जो सम्मान दिया है, उसे बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।" उनके बड़े बेटे माणिक सरकार ने गर्व के साथ कहा, "मेरे पिता 97 साल की उम्र में भी सादा जीवन जीते हैं। उन्हें प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित होते देखना हमारे लिए गौरव का क्षण है।"

उत्तर बंगाल की राजनीति के मार्गदर्शक

माखनलाल सरकार आज भी पार्टी में 'मार्गदर्शक' की भूमिका निभाते हैं। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता सहित भाजपा के तमाम युवा नेता अक्सर उनसे परामर्श लेने उनके सिलिगुड़ी स्थित आवास पर जाते हैं। उनकी सादगी और राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article