देश

रास लफान धमाका: कतर के अमीर का आया फोन, पीएम मोदी ने संवेदना जताने के लिए जताया शुक्रिया

पीएम मोदी ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, मैं कतर के अमीर को उनके फोन कॉल और रस लाफान औद्योगिक शहर में हुई दुखद दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की जान जाने पर संवेदना व्यक्त करने के लिए धन्यवाद देता हूं।

Image

पीएम मोदी को आया कतर के अमीर का फोन

Photo : PTI

PM Modi gets call from Qatars Amir - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का फोन आया, जिन्होंने उस देश के रस लफान औद्योगिक शहर में हुई दुखद दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। रविवार रात कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में एक एलएनजी संयंत्र में हुए विस्फोट में मारे गए 13 लोगों में 12 भारतीय शामिल थे।

कतर के अमीर का आया फोन

पीएम मोदी ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, मैं कतर के अमीर को उनके फोन कॉल और रास लफान औद्योगिक शहर में हुई दुखद दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की जान जाने पर संवेदना व्यक्त करने के लिए धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे और कतर के अमीर उन परिवारों के दुख में शामिल हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा, भारत और कतर अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं और एक-दूसरे के साथ एकजुटता से खड़े हैं। रास लफान औद्योगिक शहर में स्थित बरज़ान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में हुए विस्फोट में, जिसका संचालन कतर एनर्जी एलएनजी द्वारा किया जाता है, भारतीयों सहित 66 लोग घायल हो गए। कतर के अधिकारियों का हवाला देते हुए, भारतीय दूतावास ने कहा कि सभी घायल स्थिर स्थिति में हैं और उन्हें उचित चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है।

विस्फोट में 12 भारतीयों की मौत

बता दें कि कतर के गैस फील्ड रास लफान में हुए विस्फोट में 12 भारतीयों सहित 13 लोगों की मौत हुई है। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को कहा कि बीती रात रास लफान में हुई घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हुई। कतर के अधिकारियों के हवाले से दूतावास ने कहा कि घायलों की हालत स्थिर है और उनका उचित इलाज किया जा रहा है। इसमें कहा गया है कि दूतावास इस घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने के लिए कतर के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इसमें यह सुनिश्चित करना भी शामिल है कि मृतकों के शव जल्द से जल्द भारत भेजे जाएं।

जान गंवाने वालों में एक पाकिस्तानी

इससे पहले, कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरिदा अल-काबी ने संवाददाताओं से कहा था कि धमाके में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कतर के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रास लाफान औद्योगिक शहर में रविवार शाम बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में परिचालन के दौरान आई "तकनीकी गड़बड़ी" के कारण हुए धमाके और उसके बाद लगी आग में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 66 अन्य घायल हो गए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article