प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास में विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षी का बसेरा है। पीएम मोदी हर दिन अपने आवास में मौजूद गाय और मोरों के साथ समय बिताते हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी उन्होंने पहले गायों और मोरों के साथ कुछ पल बिताए फिर वो लाल किले के लिए रवाना हुए थे।
इसकी एक झलक भी देखने को मिली है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल पर एक प्यारा वीडियो शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि उनके आसपास पुंगनूर नस्ल की गायें हैं। वहीं, वो मोरों को अपने हाथों से दाने खिला रहे हैं।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने वीडियो कैप्शन में लिखा, "मैं रोज सुबह अपने आवास पर अपने दोस्तों (गायों और मोरों) से मुलाकात करता हूं, लेकिन शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुझे सुबह जल्दी अपने आवास से निकलकर लाल किला पहुंचना था। हालांकि, उन्हें किसी तरह पता चल गया कि मैं जल्दी निकल रहा हूं, इसलिए जब मैं निकल रहा था, तो वे मुझसे मिलने आए। हमेशा की तरह, खास!''
बता दें कि 7 लोक कल्याण मार्ग का परिसर करीब 12 एकड़ में फैला है। यहां बड़े-बड़े पेड़, घास के मैदान और हरियाली मौजूद है, जिसकी वजह से परिसर में बड़ी संख्या में पक्षी दिखाई देते हैं। प्रधानमंत्री आवास परिसर में मोरों के लिए पेड़ों के आसपास घोंसले की व्यवस्था भी की गई है।
पुंगनूर नस्ल की गाय के साथ पीएम मोदी का खास नाता
गौरतलब है कि पीएम मोदी का पुंगनूर नस्ल की गायें से खास लगाव है। पुंगनूर को दुनिया की छोटी मवेशी नस्लों में गिना जाता है। यह नस्ल मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश के चित्तूर क्षेत्र से जुड़ी है। इन गायों की ऊंचाई आम तौर पर करीब 70 से 90 सेंटीमीटर के आसपास बताई जाती है। प्रधानमंत्री पहले भी कई मौकों पर इन गायों को चारा खिलाते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा कर चुके हैं। मकर संक्रांति के मौके पर भी प्रधानमंत्री ने पुंगनूर गायों को चारा खिलाने का वीडियो साझा किया था।
