देश

Karur Stampede: PM मोदी ने विजय की रैली में हुई मौतों पर जताया दुख; अमित शाह ने CM स्टालिन से की बात

Karur Stampede: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान कई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। प्रारंभिक रिपोर्टों में कहा गया है कि बच्चों सहित कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है।

Image

PM मोदी ने विजय की रैली में हुई मौतों पर जताया दुख (फाइल फोटो)

Karur Stampede: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान कई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया।

PM मोदी ने जताया दुख

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

गृह मंत्रालय ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

समाचार एजेंसी एएनआई ने सरकारी सूत्र के हवाले बताया कि गृह मंत्रालय ने करूर में टीवीके प्रमुख विजय की चुनावी रैली के दौरान मची भगदड़ पर तमिलनाडु सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सूत्र के मुताबिक, अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ज़रूरत पड़ने पर केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

राहत एवं बचाव कार्य जारी

इस बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के कल करूर जाने की उम्मीद है। रैली में कई लोगों के हताहत होने की खबर पर चिंता व्यक्त करते हुए स्टालिन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “करूर से आई खबर चिंताजनक है। मैंने पूर्व मंत्री वी. सेंथिलबालाजी, स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम मा और जिला कलेक्टर से संपर्क किया है ताकि भीड़ के कारण बेहोश हुए और अस्पताल में भर्ती कराए गए नागरिकों को तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।”

साथ ही, उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री अन्बिल महेश पोय्यामोझी को घायलों को युद्धस्तर पर आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने वहां के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था, डेविडसन देवसिरवथम) से भी बात की है ताकि स्थिति में जल्द से जल्द सुधार के लिए कदम उठाए जा सकें। मैं जनता से डॉक्टरों और पुलिस के साथ सहयोग करने का अनुरोध करता हूं।”

प्रारंभिक रिपोर्टों में कहा गया है कि बच्चों सहित कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article