देश

तमिलनाडु: एक्टर विजय की रैली में भगदड़, 31 की मौत, 58 घायल; राहत कार्यों के CM स्टालिन ने दिए आदेश, पीएम ने जताया शोक

TVK नेता विजय ने करूर में रैली की। जिसमें उन्हें समय से पहले अपना भाषण पूरा करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने लोगों को पानी दिलाया। लोगों को रैली के दौरान सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। कई लोगों को अस्पताल भेजा गया। कई लोगों की मौत की खबर है।

Image

तमिलनाडु में एक्टर विजय की रैली में भगदड़

Vijay rally in Tamil Nadu: तमिलनाडु वेत्री कझगम ( Tamilaga Vettri Kazhagam, TVK) के प्रमुख अभिनेता-नेता विजय की रैली में शनिवार को भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कई लोग बेहोश हो गए, जिसमें कुछ बच्चे भी शामिल थे। 31 लोगों की मौत की खबर है, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पीटीआई के अनुसार मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

दर्जनों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता वी सेंथिल बालाजी ने कहा, "अब तक भगदड़ में 31 लोगों की मौत हो चुकी है और 58 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भगदड़ की घटना के बाद, मुख्यमंत्री ने तुरंत मामले की जांच की और जिला कलेक्टर, एसपी और मुझे अस्पताल पहुंचने का आदेश दिया। उन्होंने अतिरिक्त डॉक्टर बुलाने और उचित इलाज मुहैया कराने की सलाह दी... कल मुख्यमंत्री ख़ुद यहां आने वाले हैं। फ़िलहाल, 46 लोग निजी अस्पताल में और 12 लोग सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं।"

पीएम मोदी ने जताया दुख

इस घटना को लेकर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया- "तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

सीएम स्टालिन हुए एक्टिव

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने ट्वीट किया, "करूर से आ रही खबर चिंताजनक है। मैंने पूर्व मंत्री वी सेंथिलबालाजी और मंत्री मा. सुब्रमण्यम और ज़िला कलेक्टर को फोन करके उन नागरिकों को तुरंत इलाज मुहैया कराने को कहा है जो भीड़ के कारण बेहोश हो गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। मैंने पास के त्रिची ज़िले के मंत्री अंबिल महेश को भी युद्धस्तर पर ज़रूरी मदद मुहैया कराने का आदेश दिया है। मैंने वहां के ADGP से भी बात की है कि वे जल्द से जल्द हालात सुधारने के लिए कदम उठाएं। मैं जनता से डॉक्टरों और पुलिस के साथ सहयोग करने का अनुरोध करता हूं।"

विजय जब भीड़ को संबोधित कर रहे थे, तभी भीड़ बेकाबू हो गई। पार्टी के कार्यकर्ता और कुछ बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े। कई कार्यकर्ताओं ने स्थिति को देखा और शोर मचाया। विजय ने यह देखा तो अपना भाषण रोक दिया और खास तौर पर बनाई गई प्रचार बस की छत से पानी की बोतलें फेंकीं।

कई लोगों की हालत गंभीर

इस दौरान एम्बुलेंस को भारी भीड़ के बीच घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मुश्किल हुई। जहा बेहोश हुए लोगों को एम्बुलेंस से पास के अस्पतालों में ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उनमें से कुछ की हालत गंभीर है। स्थिति को समझते हुए विजय ने तय समय से पहले ही अपना भाषण समाप्त कर दिया।

एक्टर से नेता बने हैं विजय

यह रैली करूर में आयोजित की गई थी। भीड़ बहुत ज़्यादा होने के कारण कई लोग बेहोश हो गए। दरअसल, भीड़ लगातार बढ़ती गई और बताया जा रहा है कि भीड़ के दबाव से कई पार्टी कार्यकर्ता और बच्चे बेहोश हो गए।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article