देश

बंगाल की 'जनशक्ति' को नतमस्तक होकर PM मोदी ने किया प्रणाम, बोले-लोकतंत्र की असली ताकत है लोगों का आशीर्वाद

कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के दिग्गज नेता एवं एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर अद्भुत एवं भावुक दृश्य देखने को मिले। प्रधानमंत्री मोदी ने नतमस्तक होकर बंगाल की 'जनशक्ति' को प्रणाम किया।

Image

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में लोगों को झुककर प्रणाम करते पीएम मोदी।

Narendra Modi : बंगाल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार बनी। सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के नोवें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के दिग्गज नेता एवं एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर अद्भुत एवं भावुक दृश्य देखने को मिले। प्रधानमंत्री मोदी ने नतमस्तक होकर बंगाल की 'जनशक्ति' को प्रणाम किया। पीएम ने अपना यह वीडियो अपने X अकाउंट पर शेयर किया।

'जनता का आशीर्वाद लोकतंत्र की सबसे सच्ची शक्ति'

बंगाल की जनता को प्रणाम करने वाला अपना यह वीडियो शेयर करते हुए पीएम ने लिखा, 'मैं बंगाल की जनशक्ति के समक्ष अपना सिर झुकाता हूं। जनता का आशीर्वाद लोकतंत्र की सबसे सच्ची शक्ति और जनसंकल्प का सबसे श्रेष्ठ स्रोत होता है।'

वयोवृद्ध माखनलाल सरकार को गले लगाया

मंच पर पीएम मोदी जब पहुंचे तो उन्होंने भाजपा के वयोवृद्ध कार्यकर्ता माखनलाल सरकार से मुलाकात की। पीएम ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर उनके पैर छुए और गले लगाया। वह कुछ समय तक उनसे बात करते दिखे। यह दृश्य काफी भावुक था। माखनलाल जनसंघ के समय के कार्यकर्ता हैं। बंगाल में जमीनी स्तर पर भाजपा को आगे बढ़ाने में उन्होंने काफी योगदान दिया। लंबे समय तक उन्होंने गांव-गांव जाकर पार्टी की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का काम किया। उनकी मेहनत और संघर्ष को भाजपा कार्यकर्ता आज भी याद करते हैं।

98 साल के हैं माखनलाल

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन सभी पुराने कार्यकर्ताओं का है जिन्होंने कठिन समय में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए संघर्ष किया। करीब 98 साल के माखनलाल सरकार आज भी भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुआ शपथ ग्रहण

सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। राज्यपाल आर. एन. रवि ने यहां ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नयी मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और क्षुदिराम टुडू को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article