देश

PM मोदी ने युवाओं के लिए जारी किया नया वीडियो संदेश; बोले- बना दी है हाई पावर टास्क फोर्स, जानें इसमें कौन-कौन शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए जारी वीडियो संदेश में बताया कि पेपर लीक मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा सुधार के लिए नंदन नीलेकणी के नेतृत्व में हाई पावर टास्क फोर्स गठित की गई है।

Image

नंदन नीलेकणी और पीएम मोदी।

पीएम मोदी ने एक बार फिर युवाओं के लिए नया वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने पेपर लीक रोकने को लेकर सरकार द्वारा उठाए जा रहे कामों के बारे में जानकारी दी है। इस वीडियो में पीएम मोदी ने बताया कि पेपर लीक के मामलों पर त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट भी बनाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हम कल पार्लियामेंट के अंदर भी कठोर कानूनों के प्रावधान के साथ नया कानून बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।

वीडियो में क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, वे फिलहाल जेल की सजा काट रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट भी बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा, सरकार कल संसद में कठोर प्रावधानों के साथ एक नया कानून लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।

नंदन नीलेकणी करेंगे हाई पावर टास्क फोर्स की अगुवाई

प्रधानमंत्री ने बताया कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार के लिए गठित 'हाई पावर टास्क फोर्स' का नेतृत्व विश्व प्रसिद्ध टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ और इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह टास्क फोर्स मुख्य रूप से परीक्षा सुधार (Examination Reforms) पर काम करेगी और आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग के जरिए परीक्षाओं को पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के उपाय सुझाएगी।

तकनीक आधारित परीक्षा प्रणाली पर रहेगा जोर

पीएम मोदी के अनुसार, टास्क फोर्स की सिफारिशों के आधार पर आने वाली परीक्षाओं में नई तकनीकों को तेजी से लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना और छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा मजबूत करना है।

हाई पावर टास्क फोर्स में कौन-कौन?

एनटीए परीक्षा सुधारों के लिए जो हाई लेवल टास्क फोर्स बनाई गई है उसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। ये एनटीए परीक्षा प्रणाली को विशेष रूप से प्रौद्योगिकी के परिप्रेक्ष्य से नया रूप देने और प्रणाली में संरचनात्मक सुधार लाने में मदद करेंगे। इनमें प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणि, इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस सोमनाथ, आईबी के पूर्व निदेशक तपन डेका, आईआईटी चेन्नई के निदेशक वी कामाकोटी, पूर्व शिक्षा सचिव अनीता कारवाल और लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञ अमृत लाल मीना शामिल हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article