देश

AI Plane Crash: AAIB रिपोर्ट से नाखुश पायलट यूनियन, जांच का हिस्सा बनने के लिए कानूनी विकल्प पर विचार, आज DGCA से मुलाकात

एएलपीए-इंडिया के अध्यक्ष सैम थॉमस ने कहा कि एएआईबी की शुरुआती रिपोर्ट वेबसाइट पर डाल दी गई है। इस पर किसी के हस्ताक्षर नहीं हैं। हम पारदर्शिता चाहते हैं। हमने जांच पैनल में अपना प्रतिनिधित्व मांगा था।

Image

एयर इंडिया विमान हादसे की जांच को लेकर नाशुख पायलट एसोसिएशन (PTI)

AI Plane Crash Report: अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे की जांच को लेकर पायलटों का यूनियन संतुष्ट नहीं है और जांच टीम के साथ जुड़ना चाहता है ताकि सच सामने आ सके। पायलटों के समूह एएलपीए-इंडिया ने कहा कि वह एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान दुर्घटना की जांच में अपने सदस्यों को शामिल करने के लिए कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा है। एक दिन पहले ही उसने आरोप लगाया था कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो यानी एएआईबी (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट पायलट की गलती की ओर इशारा करती है। बता दें कि 12 जून 2025 को हुए इस हादसे में कुल 260 लोग मारे गए थे।

DGCA से मिलेंगे पायलट यूनियन के प्रतिनिधि

एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ALPA-India) देश में एयरलाइनों और हेलीकॉप्टर कंपनियों के 800 से ज्यादा पायलटों का प्रतिनिधित्व करता है। यह इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन (IFALPA) का सदस्य है, जिसका दावा है कि 100 देशों के 1 लाख पायलट इसके सदस्य हैं। एएआईबी की शुरुआती रिपोर्ट की पृष्ठभूमि में एएलपीए-इंडिया के प्रतिनिधि सोमवार को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अधिकारियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

यूनियन ने कहा, हम पारदर्शिता चाहते हैं

एएलपीए-इंडिया के अध्यक्ष सैम थॉमस ने पीटीआई-भाषा को बताया, एएआईबी की शुरुआती रिपोर्ट वेबसाइट पर डाल दी गई है। इस पर किसी के हस्ताक्षर नहीं हैं। हम पारदर्शिता चाहते हैं। हमने जांच पैनल में अपना प्रतिनिधित्व मांगा था। थॉमस ने जोर देकर कहा कि उनके सदस्यों के पास इस क्षेत्र में विशेषज्ञता है और वे एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच में सार्थक योगदान दे सकते हैं। एसोसिएशन यह सुनिश्चित करने के लिए कानूनी उपाय पर विचार कर रहा है कि उसके सदस्यों को जाँच दल का हिस्सा बनाया जाए।

क्या फ्यूल स्विच किसी पायलट ने ऑफ किए?

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कुछ लोगों का मानना है कि फ्यूल स्विच किसी पायलट ने ऑफ किए होंगे, लेकिन इस धारणा को पायलट समूहों ने पुरजोर तरीके से खारिज कर दिया है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने 12 जून को हुई दुर्घटना पर अपनी शुरुआती रिपोर्ट में कहा है कि उड़ान भरने के तुरंत बाद 1 सेकंड के अंतराल में इंजनों के ईंधन स्विच ऑफ हो गए और इससे एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 171 के कॉकपिट में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।

यूनियन ने जांचों से जुड़ी गोपनीयता पर जताई हैरानी

शनिवार को जारी 15 पेज की शुरुआती रिपोर्ट में कॉकपिट की आवाज की रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए कहा गया है कि एक पायलट ने दूसरे पायलट से पूछा कि उसने स्विच क्यों ऑफ किया, इस पर दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया। ALPA-India ने शनिवार को एक बयान में कहा कि हम एक बार फिर इन जांचों से जुड़ी गोपनीयता पर हैरान हैं। हम इस तथ्य को भी दोहरा रहे हैं कि इन अहम जांचों के लिए योग्य कर्मियों को शामिल नहीं किया जाता है। हमें लगता है कि जांच पायलटों को आरोपी मानकर की जा रही है और हम इस सोच पर कड़ी आपत्ति जताते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article