देश

Weather Update: गर्मी से हाहाकार, केरल के कुछ इलाकों में 54 डिग्री पहुंच गया तापमान

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 10, 2023, 09:00 AM IST

मार्च के महीने में ही गर्मी रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर के प्रमुख क्षेत्रों में गुरुवार को 45-54 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Image

तापमान 54 डिग्री तक पहुंचा

Photo : iStock

इस साल पड़ी भीषण ठंड के अब गर्मी अपना कहर दिखाने को तैयार दिख रही है। तापमान दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। केरल के कुछ इलाकों में गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। केरल में कुछ महीने पहले अत्यधिक बारिश हुई थी और अब रिकॉर्डतोड़ तापमान बढ़ने से भीषण गर्मी पड़ रही है। इस तटीय राज्य में गर्मी की शुरुआत ही हुई है कि इसने प्रचंड गर्मी का एहसास करवा दिया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) द्वारा गुरुवार को तैयार की गई एक रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी राज्य के कुछ क्षेत्रों में 54 डिग्री सेल्सियस से अधिक का तापमान दर्ज किया गया है, जो गंभीर स्वास्थ्य जोखिम और हीट स्ट्रोक पैदा कर सकता है।

इन जिलों के कुछ हिस्सों में तापमान 54 डिग्री तक पहुंचा

हीट इंडेक्स (Heat Index) उस गर्मी की ओर इशारा करता है जो वायुमंडलीय तापमान और आर्द्रता के संयुक्त प्रभाव से पैदा होती है। कई विकसित देश सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी करने के लिए ताप सूचकांक का उपयोग करते हैं। केएसडीएमए के अनुसार, तिरुवनंतपुरम जिले के दक्षिणी हिस्से और अलप्पुझा, कोट्टायम और कन्नूर जिलों के कुछ क्षेत्रों में 54 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान जैसा महसूस किया गया।

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर के प्रमुख क्षेत्रों में भी गुरुवार को 45-54 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन जगहों पर लंबे समय तक काम करने से हीट स्ट्रोक हो सकता है। आम तौर पर पूरे कासरगोड, कोझिकोड, मलप्पुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा और एर्नाकुलम में 40-45 डिग्री सेल्सियस का ताप सूचकांक रहा, जो लंबे समय तक धूप में रहने पर स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है।

हर साल आम तौर पर सामान्य गर्मी पड़ती है

आम तौर पर यहां गर्मियों के दौरान ऐसे हालात नहीं बनते हैं। इस साल अब तक पलक्कड़ में लोगों को सामान्य गर्मी का सामना करना पड़ा है। जिले में ताप सूचकांक 30-40 डिग्री सेल्सियस है। अधिकांश इडुक्की जिले का तापमान भी लगभग इतना ही है। राज्य में तापमान बढ़ने के साथ साथ केएसडीएमए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की स्वचालित मौसम मानचित्रण सुविधाओं का उपयोग करके इस ताप सूचकांक मैप को तैयार करता है।

हालांकि, आईएमडी तिरुवनंतपुरम ने इस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे बाहर जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और तेज गर्मी से बचने के लिए खुद को अच्छी तरह से हाइड्रेट करें।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article