Parliament Security Breach: संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक के बाद बुधवार (13 दिसंबर, 2023) को पार्लियामेंट के सिक्योरिटी वाले आलोचना का शिकार हुए। संसद के सुरक्षाकर्मियों को ही एक धड़े की ओर से इस ढिलाई के पीछे की असल वजह करार दिया गया। हालांकि, लोकसभा सचिवालय की तरफ से साफ किया गया कि वहां की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और सेंट्रल रिजर्स पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) है।
वैसे, सूत्रों की ओर से कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि नई संसद में हमेशा बदलते सुरक्षा नियमों और पर्याप्त कर्मियों की कमी के चलते संसद के सुरक्षा कर्मचारियों पर अत्यधिक बोझ पड़ गया है। शीत सत्र की शुरुआत के बाद से कई सांसदों को भी इमारत को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मंत्रियों को अपने कमरे खोजने के लिए परेशान होना पड़ता है और सांसद अक्सर कैंटीन, शौचालय या पुस्तकालय की तलाश में पाए जाते हैं। ऐसे भी उदाहरण हैं जब सुरक्षा कर्मचारी सांसदों की पहचान नहीं कर सके। मंगलवार (13 दिसंबर, 2023) को भी एक सांसद को गेट पर प्रवेश से रोक दिया गया था क्योंकि कर्मचारी उनकी पहचान नहीं कर सके थे।
दरअसल, संसद पर आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार (13 दिसंबर, 2023) को सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई जब निचले सदन लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए थे। उन्होंने इस दौरान वहां नारेबाजी की थी और ‘कैन’ के जरिए पीले रंग का धुआं फैला दिया था। हालांकि, घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया था।
