Monsoon Session: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और हाल ही में पार्टी में शामिल हुए कुछ आम आदमी पार्टी नेताओं समेत 37 भाजपा सांसदों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग की और इस बात पर जोर दिया कि बिना किसी रुकावट के सुचारु ढंग से संसद चलनी चाहिए।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए सांसदों को संसद की कार्यवाही को गंभीरता से लेने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों से रोजाना कम से कम एक से दो घंटे संसद की लाइब्रेरी में अध्ययन करने का अनुरोध किया।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सांसदों को युवाओं के साथ संवाद बनाए रखने और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) के तहत अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं और खेल गतिविधियों को प्राथमिकता देने को कहा।
ब्रेकफास्ट मीटिंग में कौन-कौन हुए शामिल
बैठक में भाजपा के नवनिर्वाचित पदाधिकारी तरुण चुघ और विनोद तावड़े के अलावा आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए स्वाति मालिवाल, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक और विक्रमजीत सिंह साहनी भी मौजूद रहे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: हेमंत सोरेन ने आंदोलनकारी छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया CM आवास, अभ्यर्थियों ने रखी ये शर्त, समय भी मांगा
प्रधानमंत्री मोदी संसद सत्र के दौरान समय-समय पर भाजपा सांसदों संग इस तरह की ब्रेकफास्ट मीटिंग करते रहे हैं, ताकि सांसदों के साथ सीधे संवाद स्थापित किया जा सके। सनद रहे कि 20 जुलाई जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र के दौरान लगातार हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही प्रभावित रही है। मौजूदा सत्र में लोकसभा अब तक पांच विधेयक पारित कर चुकी है, जिनमें पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 और प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर (संशोधन) विधेयक, 2026 को दोनों सदनों की मंजूरी मिल चुकी है।
