देश

Parliament Monsoon Session Updates : विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 22 जुलाई सुबह 11 बजे तक स्थगित

सोमवार यानी 21 जुलाई को दोनों सदन पहलगाम आतंकवादी हमले और एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू हुआ। दोनों सदनों में श्रद्धांजलि दी गई हालांकि इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया फिर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 22 जुलाई सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।

Image

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हंगामे से (एएनआई)

Parliament Monsoon Session: संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। आज दोनों सदन पहलगाम आतंकवादी हमले और एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू हुआ। दोनों सदनों में श्रद्धांजलि दी गई। हालांकि इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा मचाया। पीएम मोदी और अमित शाह के ठीक सामने हंगामा होता रहा। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 22 जुलाई सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।

बता दें कि कई मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर, बिहार में एसवाईआर जैसे कई मुद्दे संसद में उठाए जा रहे हैं। वहीं, सरकार ने रविवार को संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करने की इच्छा जताई और संकेत दिया कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की मध्यस्थता के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे पर भी जवाब दे सकती है।

कांग्रेस ने किया वॉकआउट: कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले और अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब की मांग करते हुए राज्यसभा से वॉकआउट किया।

राजनाथ बोले, हम चर्चा के लिए तैयार

हंगामे के बीच राजनाथ सिंह ने कहा, आप जितनी देर की चर्चा चाहते हैं, आप बताइएगा हम पूरी तरह से चर्चा के लिए तैयार है, जितनी देर की चर्चा चाहते हैं उतनी देर चर्चा के लिए तैयार हैं।

खरगे ने उठाया पहलगाम हमले और ट्रंप का मुद्दा

मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में पहलगाम आतंकी हमले का मुद्दा उठाया और भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता के अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे को अपमानजनक बताया।

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

लोकसभा में विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा, आप नोटिस दें और जो भी मुद्दा है, उस पर प्रश्नकाल के बाद चर्चा होगी। सदन पहले दिन चलना चाहिए और अच्छी चर्चा होनी चाहिए। मैं हर सांसद को उचित समय और अवसर दूंगा...।

संसद का मानसून सत्र पहलगाम आतंकवादी हमले और एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू हुआ। हालांकि इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। खास तौर पर लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा मचाया। इस दौरान स्पीकर ने अखिलेश यादव को सीट पर बैठने को कहा। भारी हंगामे को देखते हुए लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे और फिर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहुंचे संसद

पीएम मोदी का संबोधन

मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी ने देश को संदेश देते हुए ऑपरेशन सिंदूर से लेकर अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धि का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मानसून सत्र देश के लिए बहुत गौरवपूर्ण रहा, उन्होंने भारत के अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर कदम रखने और ऑपरेशन सिंदूर में उसके पराक्रम का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यह मानसून सत्र विजय का उत्सव है। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का लोहा माना है। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना द्वारा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल किया गया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत, आतंकवादियों के आकाओं के घरों को 22 मिनट के भीतर ही जमींदोज कर दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के इस नए रूप की ओर दुनिया काफी आकर्षित हुई है। इन दिनों, जब भी मैं दुनिया के लोगों से मिलता हूं, तो भारत द्वारा बनाए जा रहे मेड इन इंडिया हथियारों के प्रति दुनिया का आकर्षण बढ़ता ही जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस समेत विपक्ष के कई सांसदों ने पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है।

रिजिजू बोले, किसी भी विषय पर चर्चा के लिए तैयार

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि केंद्र सरकार सोमवार से शुरू हो रहे सत्र के दौरान ऑपरेशन सिंदूर सहित राष्ट्रीय महत्व के किसी भी विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि हम ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। ये मुद्दे देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। सरकार चर्चा से कभी पीछे नहीं हटेगी।

इस बैठक में, जिसमें विभिन्न दलों के 54 नेता शामिल हुए। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, वामपंथी दल, राकांपा (सपा) और शिवसेना (UBT) ने ऑपरेशन सिंदूर पर बहस की मांग की। खबरों के मुताबिक, सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सदस्य और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने भी इस मुद्दे पर चर्चा की वकालत की।

रिजिजू ने कहा, हम संसद में ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। संसद को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार और विपक्ष के बीच समन्वय होना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के युद्धविराम के दावों को संसद में उठाने की विपक्ष की योजना के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि केंद्र सत्र के दौरान उचित जवाब देगा। वहीं, जस्टिस वर्मा को हटाने के प्रस्ताव पर रिजिजू ने कहा कि इस प्रस्ताव पर सांसदों के हस्ताक्षरों की संख्या पहले ही 100 को पार कर चुकी है।

कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप के दावों पर मांगा जवाब

कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप के दावों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगा। लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा, हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन से देश को संबोधित करेंगे। पहलगाम हमला और सुरक्षा चूक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं... अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान किसी न किसी तरह से भारत की गरिमा और भारतीय सेना की बहादुरी पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिहार में चल रहे मतदाता सूची अभियान पर भी सरकार से जवाब मांगेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article