Rahul Gandhi Germany Visit: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों जर्मनी दौरे पर हैं, जहां उन्होंने 'बीएमडब्ल्यू वेल्ट' और बीएमडब्ल्यू संयंत्र के दौरा किया। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर भाजपा ने उन पर निशाना साधा। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है और राहुल गांधी जर्मनी में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करने के लिए जर्मनी में हैं।
भाजपा सांसद ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता की बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी होती है। खासकर जब विपक्ष का नेता विदेशी धरती पर हो तो उन्हें बेहद जिम्मेदारी से पेश आना चाहिए। भाजपा सांसद ने कहा, ''यहां संसद का सत्र चल रहा है, सदन में कई बिलों पर चर्चा हो रही है और राहुल गांधी भारतीय प्रवासियों को संबोधित करने के लिए जर्मनी में हैं।''
राहुल पर बरसे संबित पात्रा
संबित पात्रा ने कहा कि आज हमने राहुल गांधी को म्यूनिख में BMW फैक्ट्री का दौरा करते हुए देखा और वहां उन्होंने उनके मैन्युफैक्चरिंग की सराहना की और कहा कि उन्हें इसका दुख है कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग कमजोर है। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी की बार-बार विदेश यात्राएं और विदेशी धरती से भारत का अपमान करना यह दिखाता है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की देश के प्रति क्या भावनाएं हैं...राहुल और जिम्मेदारी कभी साथ नहीं चल सकते। जब भी वह विदेश जाते हैं, वह संसद और भारत का अपमान करते हैं।"
