देश

Sansad Live Updates: लोकसभा में आज भी भारी हंगामा, PM Modi के भाषण के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पास

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बिरला ने कहा कि बुधवार शाम को विपक्षी सदस्यों का सत्ता पक्ष की ओर मार्च करना सदन की गरिमा के विरुद्ध था। बिरला ने कहा कि ऐसा व्यवहार सदन के निर्धारित मर्यादा और गरिमा को ठेस पहुंचाता है ...

Image

लोकसभा में फिर हंगामा

Photo : PTI

Parliament Budget Session: संसद का बजट सत्र हंगामेदार साबित हो रहा है। आज भी लोकसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अभी तक सही तरीके से चर्चा नहीं हो पाई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को सदन में विपक्षी सांसदों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर फिर हंगामा मचा और सदन को 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

प्रधानमंत्री के जवाब के बिना राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित

विपक्ष के जोरदार विरोध के बीच लोकसभा ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पारंपरिक जवाब के बिना ही राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा प्रस्तावित धन्यवाद प्रस्ताव में संशोधनों पर मतदान कराया, जिन्हें अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद अध्यक्ष ने 28 जनवरी को संसद के दोनों सदनों में दिए गए राष्ट्रपति के अभिभाषण के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पढ़ा, जिसे विपक्षी सदस्यों के नारेबाजी के बीच ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। विरोध जारी रहने पर अध्यक्ष ने कार्यवाही दोपहर 2:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों पर उठाए सवाल

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बिरला ने कहा कि बुधवार शाम को विपक्षी सदस्यों का सत्ता पक्ष की ओर मार्च करना सदन की गरिमा के विरुद्ध था। बिरला ने कहा कि ऐसा व्यवहार सदन के निर्धारित मर्यादा और गरिमा को ठेस पहुंचाता है और ऐसे हालात में किसी भी पीठासीन अधिकारी के लिए सदन चलाना मुश्किल हो जाता है। इसके बाद उन्होंने कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

पीएम मोदी की सीट की ओर दौड़ी महिला विपक्षी सांसद

बुधवार को लोकसभा में उस समय नाटकीय दृश्य देखने को मिले जब महिला विपक्षी सांसद प्रधानमंत्री के निर्धारित भाषण से पहले बैनर लेकर उनकी सीट की ओर दौड़ पड़ीं, जिसके चलते कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में उपस्थित नहीं थे और भाजपा सदस्य पी पी चौधरी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी टिप्पणी दे रहे थे, तभी विपक्षी सदस्य सदन के वेल में घुस आए।

राहुल ने उठाया चीन का मुद्दा, हुआ हंगामा

यह घटना प्रधानमंत्री के भाषण के निर्धारित समय के दौरान सदन में हुई। इससे पहले मंगलवार और बुधवार को नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक मैगजीन और पूर्व आर्मी चीफ एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब के अंशों का हवाला देते हुए चीन का मुद्दा उठाने की कोशिश की थी, जिसकी इजाजत स्पीकर ने नहीं दी। इसके बाद विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण पीएम मोदी भी भाषण नहीं दे सके। आज भी वहीं स्थिति नजर आ रही है और भाषण देना संभव नहीं दिख रहा।

राज्यसभा से विपक्षी सदस्यों ने किया वॉकआउट

राज्यसभा में बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की किताब के अंश उद्धृत करने की अनुमति नहीं दी गई जिसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। उच्च सदन की बैठक शुरू होने के कुछ बाद कांग्रेस सदस्यों ने मांग की कि पहले सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने दिया जाए। आसन की अनुमति से खरगे ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संसद के दो सदन हैं, एक लोकसभा और दूसरा सदन राज्यसभा है। खरगे ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उनके ऐसा कहने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि लोकसभा सुचारू रूप से नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा और लोकसभा लोकतंत्र के स्तंभ हैं और सत्तारूढ़ दल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को चलने नहीं दे रहा है। सत्तापक्ष के सदस्यों ने खरगे के आरोपों का कड़ा विरोध किया। जब खरगे ने 2020 के भारत-चीन संघर्ष पर पूर्व थलसेनाध्यक्ष एम.एम. नरवणे की संस्मरणात्मक पुस्तक के अंश उद्धृत करने का प्रयास किया, तो उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी इसका विरोध किया। हंगामे के बीच कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article