क्रिकेट

IND vs WI: भारत की हार का दोषी कौन? कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिया जवाब

हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मैच में हार के बाद श्रेयस अय्यर ने माना कि गेंदबाजी के दौरान योजना पर अमल न करने से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, श्रेयस ने कहा कि अब फाइनल मुकाबले के लिए टीम तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम फ्रेश माइंडसेट के साथ उतरेगी और अप्रोच पहले जैसा रहेगा। श्रेयस ने बताया कि हार का विलेन कौन रहा?

Image

श्रेयस ने बताया भारत की हार का कारण।

Photo : AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। होप के शतक की बदौलत भारत के सामने 248 रनों का बड़ा लक्ष्य था। सैमसन ने तूफानी अर्धशतक जड़ते हुए भारत को आक्रामक शुरुआत दिलाई थी, लेकिन सैमसन के आउट होने के बाद भारतीय पारी को संभलने में समय लगा और आवश्यक रन रेट भी लगातार बढ़ता जा रहा था। किशन और श्रेयस जल्दी आउट हो गए, जिसके बाद अभिषेक और तिलक में साझेदारी पनपी, लेकिन गुडाकेश मोती ने एक ही ओवर में अभिषेक और नमन धीर का विकेट निकालकर भारत पर दबाव बढ़ा दिया।

हालांकि, इसके बाद रेड्डी और तिलक वर्मा के बीच साझेदारी पनपी, लेकिन कीमो पॉल ने 17वें ओवर में तिलक का विकेट निकालने के बाद 19वें ओवर में तीन झटके देकर भारत को मुकाबले से पूरी तरह से बाहर कर दिया। मैच का मुख्य अंतर वेस्टइंडीज की सूझबूझ भरी गेंदबाजी रही। भारतीय तेज गेंदबाजों ने अधिकांश गेंदें ऑन पेस डालीं और लेंथ भी अधिक फुलर रखीं, जबकि वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने लेंथ और गति दोनों के साथ मिश्रण किया।

योजना पर नहीं हुआ अमल

मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस ने भी माना कि गेंदबाजी के दौरान योजना पर अमल न करने से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, श्रेयस ने कहा कि अब फाइनल मुकाबले के लिए टीम तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम फ्रेश माइंडसेट के साथ उतरेगी और अप्रोच पहले जैसा रहेगा।

'गेंद फंस कर आ रहा थी'

श्रेयस ने कहा, हम गेंदबाजी में योजनाओं को अमल में नहीं ला सके। खासकर लाइन और लेंथ के साथ। 250 को चेज करना कभी भी आसान नहीं रहता। हम 12 रन प्रति ओवर के अधिक की रेट से रन बना रहे थे और वेस्टइंडीज ने बढ़िया गेंदबाजी की और इसका श्रेय उन्हें जाता है। गेंद फंस कर आ रही थी और बाउंस भी अधिक हो रहा था,लेकिन उनके गेंदबाजों ने बदली हुई परिस्थितियों को भांपा। अगला मुकाबला काफी दिलचस्प होगा। हमारा अप्रोच वही रहेगा और मुझे लगता है कि आगे हमें अधिक अलग करने की जरूरत नहीं है। हमें फ्रेश माइंडसेट के साथ आना होगा।

मैच में लगी 60 बाउंड्री

हैदराबाद में भी रनों की बारिश देखने को मिली। दोनों पारियों में कुल 470 रन बने। वेस्टइंडीज की तरफ से 16 छक्के और 16 चौके लगे। वहीं, भारतीय खिलाड़ियों ने मिलकर 13 छक्के लगाए और 15 चौके जड़े। मैच में कुल 60 बाउंड्री लगी। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों से कहीं अच्छी गेंदबाजी वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने की।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article