दुनिया

मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव, होर्मुज में समुद्री माइंस से टकराकर जहाज डूबा, सऊदी अरामको मुख्यालय पर हूती हमला

ईरान ने बुधवार को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज समुद्री माइंस से टकराकर डूब गया। इसी बीच, एक शीर्ष ईरानी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत के बावजूद ईरान को युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए।

Image

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (File Photo)

Photo : AP

मिडिल ईस्ट में बुधवार को तनाव बढ़ने की कई घटनाएं सामने आईं। ईरान ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज नौसैनिक समुद्री माइंस से टकराने के बाद डूब गया। वहीं, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको के मुख्यालय पर हूती विद्रोहियों के हमले की खबर है। इस बीच, ईरान के संसद अध्यक्ष ने अमेरिका के साथ बातचीत के बावजूद युद्ध के लिए तैयार रहने की जरूरत बताई। गाजा शहर में इजरायली हमले में एक महिला की मौत की भी सूचना मिली है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंग से टकराकर डूबा जहाज

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के मुताबिक, बुधवार सुबह एक मालवाहक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री माइंस से टकराने के बाद डूब गया। युद्ध शुरू होने के बाद ईरान की ओर से समुद्री माइंस से टकराकर किसी जहाज के डूबने की यह पहली रिपोर्ट है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने गार्ड के बयान के हवाले से बताया कि जहाज ऐसे मार्ग से गुजर रहा था, जिसे ईरान ने अवैध और खतरनाक बताया। प्रसारण में दिखाए गए जहाज के बारे में कहा गया कि वह 2,500 कंटेनर ले जा रहा था। हालांकि, जहाज के चालक दल की स्थिति और घटना के अन्य जानकारी स्पष्ट नहीं हैं।

इस बीच, सिंगापुर के समुद्री और बंदरगाह प्राधिकरण ने बताया कि सिंगापुर में पंजीकृत दो मालवाहक जहाज मंगलवार और बुधवार को जलडमरूमध्य से गुजरते समय अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आए। इनमें से एक जहाज डूब गया, जबकि दूसरा सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। डूबे जहाज के सभी चालक दल के सदस्यों को निकाल लिया गया और दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्राधिकरण ने इन हमलों को अनुचित और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि सिंगापुर में पंजीकृत डूबा जहाज वही था, जिसके बारूदी सुरंग से टकराने का दावा ईरान ने किया है। ईरान पहले भी बिना अनुमति जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी दे चुका है। दूसरी ओर, अमेरिकी सेना जहाजों को ओमान के तट के नजदीक एक मार्ग से गुजरने में मदद कर रही है।

सऊदी अरब में अरामको के मुख्यालय पर हूती हमला

क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक, यमन के हूती विद्रोहियों ने रात में सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको के मुख्यालय को निशाना बनाया। यह मुख्यालय धहरान शहर में स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि हमले में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालयों को नुकसान पहुंचा। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, इमारत की ऊपरी तीन मंजिलों को निशाना बनाया गया था। उन्होंने मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं होने के कारण नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी।

बुधवार को सऊदी राजधानी रियाद में भी नए धमाकों की आवाजें सुनाई देने की खबर सामने आई। हाल के दिनों में सऊदी अरब के संवेदनशील ठिकानों के आसपास धुआं उठने की घटनाओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक तेल बाजार को लेकर चिंता बढ़ाई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सऊदी अरब के हूतियों पर हमलों में अमेरिका की संभावित भागीदारी पर विचार कर रहे हैं।

अमेरिका से बातचीत के बीच ईरान ने युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा

ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने बुधवार को कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत जारी रहने के बावजूद ईरान को युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। टेलीविजन पर दिए गए भाषण में गालिबाफ ने कहा कि ईरान की प्रमुख चिंता यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिका दोबारा हमला न करे। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन के साथ समझौते पर हस्ताक्षर हो जाने से भी इसकी गारंटी नहीं मिलती।

गालिबाफ ने अमेरिका पर अपने वादे तोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि ईरान को अपने विरोधी के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को अपना व्यवहार बदलना चाहिए और ईरानी जनता के साथ समझौता करना चाहिए।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article