Dr APJ Abdul Kalam Quotes: भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और ‘मिसाइल मैन’ के नाम से मशहूर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन मेहनत, सादगी और बड़े सपने देखने की मिसाल है। 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में जन्मे कलाम ने अपनी प्रतिभा और समर्पण से देश को विज्ञान के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। उनकी जयंती के मौके पर देश उन्हें याद कर रहा है। उनके विचार आज भी युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और मुश्किलों से हार न मानने की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. कलाम का मानना था कि किसी भी देश की असली ताकत उसके युवा होते हैं। वह युवाओं को केवल सपने देखने की नहीं, बल्कि उन सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की सीख देते थे। आइए, उनकी जयंती पर जानते हैं उनके 10 ऐसे प्रेरक विचार, जो जिंदगी में आगे बढ़ने का हौसला देते हैं।
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के मोटिवेशनल कोट्स - Dr. APJ Abdul Kalam Motivational Quotes
1. "अपनी पहली सफलता के बाद आराम न करें क्योंकि अगर आप दूसरे प्रयास में नाकाम हो जाएंगे तो सब यही कहेंगे कि पहली सफलता आपको भाग्य से मिली थी।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
2. "अपने मिशन में कामयाबी चाहते हैं तो सिर्फ और सिर्फ अपने लक्ष्य पर निशाना लगाएं।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
3. "अगर आप किसी प्रयास में FAIL हो जाएं तो कोशिश करना न छोड़ें क्योंकि FAIL का मतलब होता है First Attempt In Learning।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
4. "रचनात्मकता का मतलब एक ही चीज के बारे में अलग-अलग सोचना है।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
5. "अगर सफल होने का हमारा इरादा काफी मजबूत होगा तो नाकामी हम पर हावी नहीं हो सकती।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
6. "यह संभव है कि हम सबके पास बराबर प्रतिभा न हो लेकिन अपनी प्रतिभाओं को विकसित करने का हम सभी के पास बराबर मौका होता है।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
7. "अलग ढंग से सोचने का साहस करो, आविष्कार का साहस करो, अज्ञात पथ पर चलने का साहस करो, असंभव को खोजने का साहस करो और समस्याओं को जीतो और सफल बनो। ये वो महान गुण हैं, जिनकी दिशा में तुम अवश्य काम करो।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
8. "अगर एक देश को भ्रष्टाचार मुक्त होना है तो मैं यह महसूस करता हूं कि हमारे समाज में 3 ऐसे लोग हैं, जो ऐसा कर सकते हैं। ये हैं- पिता, माता और शिक्षक।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
9. "जब हम बाधाओं का सामना करते हैं तो हम पाते हैं कि हमारे भीतर साहस और लचीलापन मौजूद है, जिसकी हमें स्वयं जानकारी नहीं थी, और यह तभी सामने आता है जब हम असफल होते हैं। जरूरत हैं कि हम इन्हें तलाशें और जीवन में सफल बनें।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
10. "जब तक भारत विश्व की बराबरी में नहीं खड़ा होगा, तब तक कोई हमारा सम्मान नहीं करेगा। इस विश्व में डर की कोई जगह नहीं है। यहां केवल शक्ति ही शक्ति का सम्मान करती है।" -डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम
डॉ. कलाम की जयंती का खास संदेश
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन इस बात की मिसाल है कि साधारण परिस्थितियों से निकलकर भी असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने विज्ञान से लेकर शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण तक हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी। उनकी जयंती पर उनके विचारों को याद करना तभी सार्थक होगा, जब हम उन्हें अपने जीवन में उतारने का प्रयास करें। बड़े सपने देखें, लगातार सीखें और असफलताओं से घबराए बिना आगे बढ़ें। यही उस महान व्यक्तित्व के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिसने लाखों युवाओं को अपने सपनों पर विश्वास करना सिखाया है।
