देश

NH-130 पर जाम का झाम: पुलिस ने दर्ज किया केस तो 'बौखलाए NHAI' ने एजेंसी पर ठोका 10 लाख का जुर्माना

NH-130 Highway Jam: कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने इस बीच मदद के लिए NHAI के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन अधिकारियों ने फोन स्विच ऑफ कर लिया। NHAI की तरफ से मौके पर कोई मदद नहीं पहुंची। यहां तक कि 1033 हेल्पलाइन भी फेल रही।

Image

NH-130 पर 12 घंटे महाजाम (फोटो साभार- TNN)

NH-130 Highway Jam: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिलेके बांगो थाना के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत मदनपुर घाट में दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसके बाद बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे NH-130 करीब 12 घंटे तक बंद रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसमें बस, एंबुलेंस समेत हजारों यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने NHAI पर केस दर्ज कर दिया।

NHAI पर दर्ज हुआ महाजाम का केस

जानकारी के अनुसार, मदनपुर घाट में दो ट्रेलर आमने-सामने भिड़ गए थे। हादसे के बाद दोनों ट्रेलर सड़क पर ही फंस गए, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने की कोशिश शुरू की। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने इस बीच मदद के लिए NHAI के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन अधिकारियों ने फोन स्विच ऑफ कर लिया। NHAI की तरफ से मौके पर कोई मदद नहीं पहुंची। यहां तक कि 1033 हेल्पलाइन भी फेल रही।

सड़क प्रबंधन एजेंसी पर 10 लाख का जुर्माना

इसके बाद नाराज एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने NHAI के खिलाफ लापरवाही बरतने पर धारा 222A BNS के तहत कोर्ट में परिवाद दायर कर दिया है। उधर NHAI ने जब पूरे मामले की जांच की तो एजेंसी की बड़ी लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि हादसे के समय मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद नहीं था और क्रेन ऑपरेटर गायब था। वहीं आपातकालीन व्यवस्था भी पूरी तरह फेल थी। इसके बाद NHAI ने सड़क प्रबंधन का काम देख रही एजेंसी मेसर्स रविन्द्र सिंह पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया।

NHAI की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल

एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने कहा कि नेशनल हाईवे पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। NHAI और उसकी एजेंसी की जिम्मेदारी है कि हादसे के बाद तुरंत मदद पहुंचाई जाए, लेकिन इस मामले में घोर लापरवाही बरती गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों ट्रेलरों को हटवाकर हाईवे पर यातायात बहाल करा दिया है, लेकिन इस महाजाम ने NHAI की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article