देश

'उस पार पाकिस्तानी शौहर, भारतीय बीवी अटारी पर..., Attari-Wagah Border पर जुटी भीड़, लौट रहे भारतीय और पाकिस्तानी

Pakistani citizens Returned Home: केंद्र ने पहलगाम हमले के तार सीमा पार से जुड़े होने के मद्देनजर बुधवार को पाकिस्तानी सैन्य सलाहकार (अताशे) को निष्कासित करने, 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करने और अटारी-वाघा सीमा-चौकी को तत्काल बंद करने सहित कई कदमों की घोषणा की।

Pakistani citizens Returned Home

अमृतसर में अटारी-वाघा सीमा चौकी मार्ग से कुल 191 पाकिस्तानी नागरिक स्वदेश लौटे

Pakistani citizens Returned Home: पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिए जाने के बाद पंजाब के अमृतसर में अटारी-वाघा सीमा चौकी मार्ग से कुल 191 पाकिस्तानी नागिरक स्वदेश लौटे। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान गये कुल 287 भारतीय नागरिक भी पड़ोसी मुल्क से वापस लौट आये हालांकि, पाकिस्तान में ब्याही गईं और भारतीय पासपोर्टधारक कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के बावजूद उन्हें वापस जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वे भारत में अपने रिश्तेदारों से मिलने आई थीं, लेकिन सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के लिए 48 घंटे की समयसीमा तय किए जाने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है, लेकिन वे सीमा पार नहीं कर पा रही हैं।दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के पास शुक्रवार दोपहर आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे और कई घायल हो गए।

ये भी पढ़ें- Indus Waters Treaty: 'पाकिस्तान न जाए एक भी बूंद पानी...', भारत ने बनाई 'सिंधु जल संधि' खत्म करने की 3 चरणीय योजना

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि दक्षेस वीजा छूट योजना के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को भारत की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और इस योजना के तहत भारत में मौजूद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक के पास देश छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय है।

घोषणा की गई कि अटारी में एकीकृत जांच चौकी को तुरंत बंद कर दिया जाएगा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCS) की बैठक में ये निर्णय किए गए। बैठक में घोषणा की गई कि अटारी में एकीकृत जांच चौकी को तुरंत बंद कर दिया जाएगा और जो लोग वैध दस्तावेजों के साथ पाकिस्तान गए हैं, वे एक मई से पहले उस रास्ते से वापस आ सकते हैं।

पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा 27 अप्रैल से रद्द करने की घोषणा

केंद्र ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा 27 अप्रैल से रद्द करने की घोषणा की और पाकिस्तान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द घर लौटने की सलाह दी। पहलगाम हमले के बाद दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव बढ़ गया है।उसने तत्काल प्रभाव से पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को निलंबित करने की भी घोषणा की। शुक्रवार को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तानी नागरिकों का स्वदेश लौटना जारी रहा।

ये भी पढ़ें- पहलगाम हमले के बाद सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, LeT के सक्रिय आतंकी का घर ब्लास्ट से उड़ाया

'मेरे पति और ससुर वाघा सीमा के दूसरी ओर मेरा इंतजार कर रहे हैं..'

कराची में ब्याही गयी एक महिला ने बताया कि वह अपनी मां से मिलने 15 दिन के लिए दिल्ली आई थी। उसकी मां हृदय रोगी हैं। उसने आरोप लगाया कि उसे वापस (पाकिस्तान) जाने की अनुमति नहीं दी जा रही भारतीय पासपोर्ट रखने वाली शानिजा ने अटारी में संवाददाताओं से कहा, 'मुझे वापस जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मेरे पति और ससुर वाघा सीमा के दूसरी ओर मेरा इंतजार कर रहे हैं।'

'... लेकिन वे हमारी बात सुनने को तैयार नहीं हैं'

अपने दो बच्चों के साथ भारत आई एक अन्य महिला ने भी मांग की कि उसे पाकिस्तान लौटने की अनुमति दी जाए।उसने दावा किया, 'मेरे पास भारतीय पासपोर्ट है और मेरे दो बच्चों के पास पाकिस्तानी पासपोर्ट हैं। हमने सभी दस्तावेज, अपना विवाह प्रमाण पत्र दिखाया है, लेकिन वे हमारी बात सुनने को तैयार नहीं हैं और कह रहे हैं कि वे भारतीय पासपोर्ट धारकों को सीमा पार नहीं करने देंगे।' उसने कहा, 'मेरी शादी वहां हुई है। मैं अपने बच्चों को वापस घर कैसे ले जाऊं?'

'मेरी बेटियां पाकिस्तानी नागरिक हैं, मेरे पास सभी जरूरी दस्तावेज हैं'

अपनी दो बेटियों के साथ भारत आई अरूदा इमरान ने भी मांग की कि उसे पाकिस्तान लौटने की अनुमति दी जाए।उसने कहा कि उसकी शादी 20 साल पहले पाकिस्तान में हुई थी और तब से वह वहीं रह रही है। उसने कहा, 'मैंने वहां की नागरिकता के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है। मेरी बेटियां पाकिस्तानी नागरिक हैं। मेरे पास सभी जरूरी दस्तावेज हैं।'

राजस्थान के जोधपुर की रहने वाली इमरान अपने माता-पिता से मिलने आई थी।पंजाब के मलेरकोटला की रहने वाली राबिया ने कहा कि वह दो महीने पहले अपने माता-पिता से मिलने भारत आई थी।उसकी शादी तीन साल पहले पाकिस्तान में हुई थी।

'मैं यहां जहर खा लूंगी, हमें रोका जा रहा है'

भारतीय पासपोर्ट रखने वाली अफशीन जहांगीर नामक एक अन्य महिला ने कहा कि उसे पाकिस्तान वापस जाने की अनुमति दी जानी चाहिए। उसने कहा, 'मैं यहां जहर खा लूंगी। हमें रोका जा रहा है।' जोधपुर की रहने वाली जहांगीर ने कहा कि वह अपने माता-पिता से मिलने भारत आई थी। उसने कहा, 'मुझे आज किसी भी कीमत पर सीमा पार करनी है, नहीं तो मैं यहां विरोध प्रदर्शन करूंगी। मेरे पास वीजा है और मैं घर वापस जा रही हूं।'उसने कहा कि वह 45 दिन के लिए भारत आई थी। हालांकि, भारतीय पासपोर्ट धारक इन महिलाओं को पाकिस्तान जाने की अनुमति नहीं मिली, लेकिन पाकिस्तानी पासपोर्ट धारक उनके बच्चों को यह अनुमति दी गयी जब इस बात की पुष्टि हो गयी कि सीमा पार उनके रिश्तेदार उन्हें लेने आये हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

लेटेस्ट न्यूज

रवि वैश्य
रवि वैश्य Author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article