Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया। इस बीच, पुलवामा के मुर्रान गांव में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लश्कर-ए-तैयबा के एक और सक्रिय आतंकवादी एहसान शेख के घर को विस्फोट से उड़ा दिया।
आतंकियों के घर विस्फोट में तबाह
इससे पहले पहलगाम आतंकवादी हमले के मुख्य संदिग्ध सहित लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों के घर उस समय तबाह हो गए, जब वहां रखे गए विस्फोटकों में धमाका हो गया। अधिकारियों ने बताया था कि ये धमाके गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हुए, जब सुरक्षा बल दक्षिण कश्मीर के बिजबेहरा और त्राल के गुरी गांव में क्रमश: आदिल हुसैन थोकर और आसिफ शेख के घरों की तलाशी ले रहे थे। तभी वहां पहले से रखे विस्फोटकों में विस्फोट हो गया।
अधिकारियों ने दावा किया था कि तलाशी अभियान के दौरान परिसर में विस्फोटक पाए गए, जिसके बाद सुरक्षा बलों को घरों में रहने वालों के साथ-साथ पड़ोसियों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना पड़ा। उन्होंने बताया था कि विस्फोट में दोनों घरों को व्यापक नुकसान हुआ है।
आतंकी हमले का मुख्य आरोपी है थोकर
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले का निवासी थोकर मंगलवार को हुए पहलगाम आतंकी हमले का मुख्य आरोपी है, जबकि पुलवामा जिले के त्राल निवासी शेख पर हमले की साजिश में शामिल होने का संदेह है। दोनों व्यक्तियों के परिवार के सदस्यों ने दावा किया है कि उन्हें थोकर और शेख के ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं है। अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के निकट एक मैदान में मंगलवार दोपहर आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गये।
