PM Modi gifts auction: देश-विदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले तोहफे एवं उपहारों की ऑनलाइन नीलामी हो रही है। अब खुद पीएम मोदी ने लोगों से इन उपहारों को खरीदने की अपील की है। पीएम ने कहा है कि उपहारों की ऑनलाइन नीलामी से एकत्र हुए रुपए का इस्तेमाल नमामि गंगे परियोजना में किया जाएगा। X पर अपने एक ट्वीट में पीएम ने कहा कि 'पिछले कुछ दिनों से, मेरे विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान मिले उपहारों की ऑनलाइन नीलामी चल रही है। इस नीलामी में बेहद रोचक कृतियां शामिल हैं, जो भारत की संस्कृति और सृजनशीलता को दर्शाती हैं। इस नीलामी से प्राप्त धनराशि ‘नमामि गंगे’ अभियान में योगदान करेगी। आप सभी से आग्रह है कि इस नीलामी में अवश्य भाग लें।'
पीएम के इन तोहफों की ऑनलाइन नीलामी 17 सितंबर को सुबह 10 बजे शुरू हुई। 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन भी है। यह नीलामी दो अक्टूबर की शाम पांच बजे तक चलेगी।
देवी भवानी की प्रतिमा का आधार मूल्य सबसे अधिक
पीएम मेमेंटोज वेबसाइट के अनुसार, देवी भवानी की प्रतिमा का आधार मूल्य सबसे अधिक है, जो ₹1.03 करोड़ तय किया गया है, जबकि अयोध्या राम मंदिर का मॉडल ₹5.5 लाख में सूचीबद्ध है। ये दोनों वस्तुएं इस नीलामी की शीर्ष पांच उच्च-मूल्य की वस्तुओं में शामिल हैं। अन्य उल्लेखनीय वस्तुओं में पैरा ओलंपिक पदक विजेताओं द्वारा भेंट किए गए तीन जोड़े जूते शामिल हैं, जिनकी शुरुआती कीमत प्रत्येक ₹7.7 लाख रखी गई है।
भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन
नीलामी भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करती है। इसमें जम्मू-कश्मीर का हाथ से कढ़ाई किया हुआ पश्मीना शॉल, राम दरबार की एक तंजावुर पेंटिंग, धातु से बनी नटराज की मूर्ति, गुजरात की ‘ट्री ऑफ लाइफ’ को दर्शाती रोगन आर्ट पेंटिंग और नागालैंड का हाथ से बुना शॉल शामिल हैं। सभी वस्तुएं वर्तमान में नई दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) में प्रदर्शित की गई हैं।
50 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए
पीएम मोदी को मिले उपहारों की ई-नीलामी से सरकार की प्रमुख ‘नमामि गंगे’ परियोजना के लिए 50 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए जा चुके हैं, जिसका उद्देश्य गंगा नदी की सफाई और संरक्षण है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह ने कहा कि यह नीलामी सिर्फ दुर्लभ वस्तुएं पाने का अवसर नहीं है, बल्कि एक महान उद्देश्य में योगदान देने का माध्यम भी है।
