देश

जम्मू-कश्मीर: गांदरबल में एक आतंकी ढेर, दो अन्य के छिपे होने की आशंका, सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी

सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा हुआ है। सेना ने कहा कि 31 मार्च की रात रुक-रुक कर हो रही फायरिंग के बीच सुरक्षा घेरे को सूझबूझ के साथ दोबारा से तैनात किया गया। आतंकियों की हो रही गोलीबारी का सुरक्षाबलों ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया। इस गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया, ऑपरेशन अभी जारी है।

Image

गांदेरबल में एक आतंकी ढेर।

Photo : ANI

Ganderbal Encounter: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सेना ने अपने बयान में बुधवार को कहा कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी मारा गया है। इलाके में दो अन्य आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है और उनकी तलाश में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा हुआ है। सेना ने कहा कि 31 मार्च की रात रुक-रुक कर हो रही फायरिंग के बीच सुरक्षा घेरे को सूझबूझ के साथ दोबारा से तैनात किया गया।

आतंकियों की हो रही गोलीबारी का सुरक्षाबलों ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया। इस गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया, ऑपरेशन अभी जारी है।

सुरक्षा बलों ने जिले के अरहामा इलाके को घेरा

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। आतंकवाद रोधी अभियान के तहत तलाशी अभियान चलाने के लिए सुरक्षा बलों ने जिले के अरहामा इलाके को घेर लिया। अधिकारियों ने बताया कि घेराबंदी वाले इलाके के पास गोलीबारी की आवाज सुनाई दी। अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी मौके पर भेज दिए गए हैं।

संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर शुरू हुई कार्रवाई

सेना के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। जब संदिग्धों को चुनौती दी गई, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर,भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा गांदरबल के अरहामा क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी के दौरान सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। चुनौती दिए जाने पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर हमारे जवानों ने जवाबी कार्रवाई की।

छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू की

मंगलवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि अरहामा क्षेत्र के ऊपरी हिस्से में जंगल में आतंकियों का एक दल देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के एक संयुक्त कार्यदल ने आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। जवानों का दस्ता जब जंगल में आगे बढ़ रहा था तो एक जगह छिपे आतंकियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायर किया और दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article