देश

कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या पर उमर ने जताया दुख, मृतक परिवारों को मिलेगा 10 लाख रुपए का मुआवजा

कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया।

Image

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला।

Photo : PTI

Labourers killing in Kulgam : जम्मू कश्मीर के कुलगाम में दो मजदूरों की हत्या पर राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा दुख जताया है। साथ ही राज्य सरकार ने मृतक मजदूरों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। यह अनुग्रह राशि जिला प्रशासन द्वारा दिए जाने वाले छह लाख रुपए की राहत के अतिरिक्त होगी। बता दें कि कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया। हमले में दोनों मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया।

दूसरे मजदूर की इलाज के दौरान मौत

अधिकारियों ने बताया कि दूसरे घायल मजदूर बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां से बाद में उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों मजदूर 20 से 30 वर्ष की आयु के थे और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। इस हमले से करीब 10 दिन पहले अनंतनाग शहर में भी आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।

2024 में भी हुई मजदूरों की हत्या

इससे पहले 2024 में जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी दो मजदूरों की आतंकियों ने हत्या कर दी थी। सात फरवरी 2024 को पंजाब के दो मजदूरों अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

छत्तीसगढ़ के सीएम साय ने दुख जताया

इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया और कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सीएम साय के पोस्ट करते समय एक मजदूर का इलाज जारी था। ऐसे में उन्होंने एक्स पर लिखा, 'कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article