Rath Yatra 2024 App: ओडिशा के पुरी में रथ यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च किया गया है। जिसका नाम 'रथ यात्रा 2024' ऐप है। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की परेशानियों को कम करने के लिए इस ऐप को लॉन्च किया है। यह एप्लीकेशन तीर्थयात्रियों को किसी भी काम के लिए गाइड करेगा। इसके जरिए लोग एक साथ ही कई समस्याओं का समाधान कर सकेंगे।
पेयजल से लकर आवास शिविर की मिलेगी जानकारी
पुरी में रथ यात्रा में शामिल होने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए इस मोबाइल एप्लीकेशन को 'रथ यात्रा 2024' नाम से लॉन्च किया गया है। श्रद्धालु इस ऐप को अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सकते है। इस ऐप की मदद से उन्हें आसानी से पेयजल सुविधाओं, स्वास्थ्य केंद्रों, मुफ्त भोजन डिस्ट्रीब्यूशन प्वाइंट्स, पुलिस सेवा केंद्रों, चाइल्ड डेस्क हेल्पलाइन, सूचना केंद्रों, अस्थायी आवास शिविरों, विकलांगों के लिए रथ दर्शन व्हीलचेयर सुविधाओं, लाइफ गार्ड सेवाओं और नियंत्रण कक्षों के बारे में जानकारी मिल सकती है।
होटल, रेस्तरां खोजने में भी करेगा मदद
श्रद्धालुओं के लिए यह ऐप एक पर्सनल गाइड की तरह काम करेगा। उन्हें किसी भी सुविधा जैसे कि होटल आदि के बारे में पता करने के लिए भी कहीं भटकना या परेशान नहीं होना पड़ेगा। रथ यात्रा ऐप के जरिए से लोग अपने आस-पास के होटलों, रेस्तरां और पार्किंग स्थलों आदि के बारे में भी पता कर सकते हैं। यह ऐप लोगों को उस स्थान तक पहुंचाने में भी मदद करेगा। तीर्थयात्री नेविगेशन के माध्यम से अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच जाएंगे।
