Nitish Kumar: 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बिसात अभी से बिछने लगी है। सभी राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने ढंग से तैयारियां भी शुरू कर चुकी हैं। भाजपा एक बार फिर आम चुनावों में करिश्मा करने को तैयार है, तो नरेंद्र मोदी को सत्ता में आने से रोकने के लिए विपक्ष भी लामबंद है। इसको लेकर बिहार के पटना में 23 जून को विपक्ष की एक बड़ी बैठक होनी है, जिसकी अगुवाई बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करने वाले हैं।
हालांकि, इस बैठक से पहले नीतीश कुमार ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने संभावना जताई है कि इस बार लोकसभा चुनाव तय समय से पहले हो सकते हैं। नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी योजनाओं का काम जल्द से जल्द पूरा करें, क्योंकि लोकसभा चुनाव कभी भी हो सकते हैं।
जरूरी नहीं चुनाव अगले ही साल हो- नीतीश
नीतीश कुमार ने बुधवार को ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं के शिलान्यास और उद्धाटन कार्यक्रम में कहा, सभी परियोजनाओं के काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा, यह पता नहीं है कि लोकसभा चुनाव कब हो जाएं। कोई जरूरी नहीं कि चुनाव अगले ही साल हों, यह भी हो सकता है कि इसी साल के आखिरी में चुनाव करा दिए जाएं। ऐसे में सभी कार्यों को तेजी से करिए, हम शुरू से कहते आएं है कि जल्दी कीजिए।
23 जून को होनी है बैठक
बता दें, 23 जून को पटना में विपक्ष की बड़ी बैठक होने वाली है। इस बैठक पर भाजपा की खास नजर है। दरअसल, इस बैठक से ही तय हो जाएगा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी महागठबंधन में कौन-कौन सी पार्टियां शामिल हो सकती हैं। हालांकि, इस बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, शरद पवार, अरविंद केजरीवाल, हेमंत सोरेन, एमके स्टालिन, अखिलेश यादव के शामिल होने की संभावना है। बैठक में लेफ्ट के नेता भी शामिल हो सकते हैं।
