Attack on Sanjay Nishad: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद और उनके समर्थकों पर रविवार रात संतकबीरनगर में भीषण हमला हुआ। निषाद अपने समर्थकों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे, तभी अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में संजय निषाद को चोटें आईं। शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
वहीं, संजय निषाद ने इस हमले को लेकर विपक्ष पर आरोप लगाया है, उन्होंने सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी के लोगों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोकसभान चुनाव में हार देखकर सपा पार्टी के समर्थकों ने उनपर हमला किया।
हमला सपा समर्थकों ने किया-संजय निषाद
डॉक्टर संजय निषाद रविवार देर रात एक शादी समारोह में संतकबीरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर कठार गांव में गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर संजय निषाद घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला सपा समर्थकों ने किया।
अभी पकड़ में नहीं आए आरोपी
डॉक्टर निषाद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी आसन्न हार को देख समाजवादी पार्टी के लोग बौखला गए हैं। इसी के चलते उन पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि वे हमले से घबराने वाले नहीं हैं। समाजवादी पार्टी को राजनीतिक दृष्टि से जवाब देते रहेंगे। पुलिस हमले की जांच कर रही है। अभी तक मामले में किसी को पकड़ा नहीं जा सका है।
