Amrit Bharat Train: भारतीय रेलवे के अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के बेड़े में दो और ट्रेनें जुड़ने वाली हैं। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने बताया कि हमारे बेड़े में दो और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें (Amrit Bharat Express) शामिल हो रही हैं। जिन्हें पीएम नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।बता दें कि ये दोनों अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन बनारस से हडपसर (पुणे) और अयोध्या कैंट से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) रूट पर चलाई जाएंगी। इनमें अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) साप्ताहिक ट्रेन है।
यूपी-महाराष्ट्र के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
इन ट्रेनों के शुरू होने से तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लोगों को फायदा मिलेगा। ये दोनों नई अमृतभारत एक्सप्रेस ट्रेनें उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को विस्तार देंगी।इन्हें खास तौर पर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही हैं,ताकि कम खर्च में बेहतर और तेज यात्रा का अनुभव मिल सके। दोनों ट्रेनें यूपी के धार्मिक स्थलों से महाराष्ट्र के आर्थिक शहरों तक चलेंगी, जिससे धर्म और अर्थ दोनों को विस्तार मिलेगा।
बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस का टाइमटेबल
कल से बनारस-हडपसर रूट पर अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो जाएगी। यह ट्रेन बनारस से शाम 4:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 12:55 बजे हडपसर पहुंचेगी। बनारस-हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग 30 घंटे में यात्रा पूरी करेगी। इस दौरान ट्रेन कुल 18 स्टॉपेज लेगी। इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव प्रयागराज, झांसी, बीना, इटारसी, भुसावल, मनमाड, अहमदनगर और दौंड होंगे। इससे काशी, शिरडी और पुणे जैसे बड़े धार्मिक व आर्थिक केंद्र सीधे जुड़ेंगे। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए यह सेवा बड़ी राहत मानी जा रही है।
रामनगरी से आर्थिक राजधानी के लिए इस टाइम चलेगी अमृत भारत
वहीं,अयोध्या-मुंबई (एलटीटी) अमृत भारत एक्सप्रेस भी शुरू की जाएगी। यह ट्रेन अयोध्या धाम से शाम 4:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:05 बजे मुंबई पहुंचेगी। अयोध्या-मुंबई (एलटीटी) अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 28 घंटे में सफर तय करेगी। कुल 12 स्टॉपेज वाली इस ट्रेन के प्रमुख स्टेशन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जबलपुर, इटारसी, नासिक, कल्याण और ठाणे होंगे। इससे राम मंदिर नगरी अयोध्या और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच यात्रा आसान होगी।
इन खासियतों से लैस हैं दोनों ट्रेनें
अमृत भारत एक्सप्रेस को आम यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 8 स्लीपर क्लास, 11 जनरल कोच और 1 पैंट्री कार शामिल है। यह ट्रेन सस्ती और आरामदायक यात्रा का बेहतर विकल्प मानी जा रही है, जिससे लंबी दूरी का सफर आसान होगा।
इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने के बाद देश में अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाओं की कुल संख्या बढ़कर 66 हो जाएगी। इन ट्रेनों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन्हें वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ डिजाइन किया गया है, लेकिन किराया आम लोगों की पहुंच में रखा गया है। इससे यात्रियों को कम खर्च में बेहतर सफर मिलेगा। साथ ही उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच व्यापार, रोजगार और आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
