देश

NEET-UG पेपर लीक: CBI ने धनबाद से प्रमुख साजिशकर्ता को किया अरेस्ट, मामले में खुलेंगे कई तार

CBI अधिकारी ने कहा कि आरोपी आशुतोष छात्रों के लिए सुरक्षित घर परिसर की व्यवस्था कर रहा था, जबकि दूसरा आरोपी मनीष उम्मीदवारों को तैयार करने के लिए एक स्कूल में ले जाता था।

Image

नीट पेपर लीक मामला

Photo : PTI

NEET-UG Paper Leak: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET-UG) प्रश्नपत्र लीक मामले में कथित सह-साजिशकर्ता अमन सिंह को झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई को कथित तौर पर प्रश्न पत्र लीक में शामिल झारखंड में सक्रिय मॉड्यूल के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद सिंह को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले के सिलसिले में केंद्रीय एजेंसी ने छठी गिरफ्तारी की है।

आरोपियों ने क्या-क्या किया?

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने इससे पहले हजारीबाग में स्थित ओएसिस स्कूल के प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य और कथित तौर पर नीट परीक्षार्थियों को ठहरने के लिए वह फ्लैट उपलब्ध कराने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था, जहां से बिहार पुलिस ने जले हुए प्रश्नपत्र बरामद किए थे। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मनीष प्रकाश और आशुतोष नाम के दो लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति पटना से संचालन करते पाए गए।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी आशुतोष छात्रों के लिए सुरक्षित घर परिसर की व्यवस्था कर रहा था, जबकि दूसरा आरोपी मनीष उम्मीदवारों को तैयार करने के लिए एक स्कूल में ले जाता था। सीबीआई अधिकारी ने बताया कि मनीष प्रकाश ने छात्रों को अपनी कार में ले जाया करता था। जबकि छात्रों को आशुतोष के घर में ठहराया गया। सीबीआई ने इस मामले में छह प्राथमिकी दर्ज की है। बिहार में दर्ज प्राथमिकी प्रश्न पत्र लीक होने से संबंधित है, जबकि गुजरात और राजस्थान में दर्ज प्राथमिकी परीक्षार्थी के स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति के परीक्षा देने और धोखाधड़ी से संबंधित हैं।

571 शहरों के 4750 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नीट-यूजी का आयोजन करती है। इस साल पांच मई को 571 शहरों के 4,750 केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की गई थी, जिनमें 14 विदेशी शहर भी शामिल थे। इस परीक्षा में लगभग 24 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। कुल 67 छात्रों ने पूरे 720 अंक प्राप्त किए थे, जो एनटीए के इतिहास में अभूतपूर्व है। हरियाणा के एक कोचिंग सेंटर के छह छात्रों ने पूरे 720 अंक हासिल किए थे, जिससे परीक्षा में अनियमितताओं का संदेह पैदा हुआ। आरोप है कि ग्रेस मार्क्स (कृपांक) दिए जाने की वजह से 67 छात्रों ने पूरे 720 अंक हासिल किए।

सीबीआई को सौंपी गई जांच

पिछले महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार ने एनईईटी-यूजी मामले में अनियमितताओं से संबंधित जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपी थी। सीबीआई ने पेपर लीक, उम्मीदवारों की धोखाधड़ी से संबंधित कई एफआईआर दर्ज कीं। NEET-UG परीक्षा आयोजित करने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को कथित अनियमितताओं को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इससे देशभर में विरोध प्रदर्शनों का दौर शुरू हो गया, प्रदर्शनकारियों और राजनीतिक दलों ने एनटीए को भंग करने की मांग की है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें