देश

‘परीक्षा नहीं, नीलामी बन गया सिस्टम', नीट यूजी पेपर लीक मामले पर राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला

NEET UG Paper Leak 2026: नीट-यूजी परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बन गई है।

Image

राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला

Photo : PTI

NEET UG Paper Leak 2026: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने नीट-यूजी परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा अब एक परीक्षा नहीं रह गई है, बल्कि इसे नीलामी बना दिया गया है, जहां छात्रों के भविष्य को बाजार में बेच दिया जा रहा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले लगभग 10 वर्षों में परीक्षा प्रणाली में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं। उनके अनुसार इस दौरान 89 बार पेपर लीक और 48 बार पुनः परीक्षा (री-एग्जाम) करानी पड़ी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लाखों छात्र पूरे साल मेहनत करते हैं, रात-दिन पढ़ाई करते हैं, लेकिन कुछ ही पलों में उनका भविष्य खतरे में पड़ जाता है।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी जताई चिंता

राहुल गांधी ने कहा कि नीट 2026 परीक्षा से पहले ही कुछ सवाल व्हाट्सएप पर बेचने की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं का भरोसा लगातार टूट रहा है और सरकार इस स्थिति को रोकने में नाकाम रही है। इस मामले पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हर साल लाखों छात्र और उनके परिवार परीक्षा की तैयारी में बड़ी मेहनत और उम्मीद लगाते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि संसद में बनाए गए सख्त कानूनों के बावजूद ऐसी घटनाएं क्यों नहीं रुक रही हैं।

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप इस मामले की कर रही जांच

उधर, राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) इस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार एक “गेस पेपर” की जांच की जा रही है जिसमें लगभग 410 प्रश्न थे और इनमें से करीब 120 प्रश्न असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए हैं। हालांकि जांच अभी शुरुआती चरण में है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कहा है कि परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के तहत कराई गई थी और सभी आरोपों की जांच जारी है। एजेंसी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, जीपीएस ट्रैकिंग और अन्य सुरक्षा उपाय लगाए गए थे। NTA ने यह भी कहा है कि जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article