Jantar Mantar Protest: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को बुधवार को पत्र लिखकर स्पष्ट किया कि नीट-यूजी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए सरकार तैयार है।
अमित शाह ने ओम बिरला को लिखा पत्र
गृह मंत्री शाह ने पत्र में कहा कि बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सरकार की ओर से इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने पर सहमति जता चुके हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से इस मांग के उठाए जाने से पहले ही मौजूदा सत्र में 'पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट बिल, 2026' पर चर्चा हो चुकी है। हालांकि, उस दौरान विपक्ष के किसी भी सदस्य ने सदन में नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर अपनी बात नहीं रखी।
अमित शाह ने कहा कि इसके बावजूद सरकार इस विषय पर पुन: चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि आप विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति के आधार पर इस मुद्दे पर चर्चा के लिए जितना समय, जितने घंटे उपयुक्त समझें, उतना समय निर्धारित करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'संवाद और विश्वास से निकालें समाधान', छात्रों के विधानसभा घेराव के बीच CM सोरेन ने की खास अपील; पुलिस को कहा धन्यवाद
'चर्चा से निकलता है समाधान'
उन्होंने कहा कि मैं निर्धारित समय के दौरान सदन में उपस्थित रहकर इस मुद्दे पर चर्चा में भाग लेना चाहता हूं और विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा, ''लोकतंत्र में चर्चा से ही समाधान निकलता है। मेरा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है और मेरा यह मानना है कि यह सदन चर्चा और संवाद के लिए ही है।''
अमित शाह ने ओम बिरला से एक फिर आग्रह किया कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा करके, इस अहम विषय पर एक अच्छे वातावरण में चर्चा कराने की कृपा करें, ताकि इस विषय पर पक्ष-विपक्ष के सभी माननीय सदस्य अपने बहुमूल्य मत एवं विचार प्रस्तुत कर सकें।
